राज्य
01-Dec-2022
...


-मंडावी और पटेल को सदन ने दी श्रद्धांजलि रायपुर (ईएमएस)। छत्तीसगढ़ विधानसभा के विशेष सत्र के पहले दिन गुरुवार को दिवंगत उपाध्यक्ष मनोज सिंह मंडावी तथा पूर्व सदस्य दीपक पटेल को श्रद्धांजलि दी गई। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने स्वर्गीय मनोज मंडावी व दीपक पटेल के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डाला। मुख्यमंत्री श्री बघेल ने कहा कि मनोज मंडावी धार्मिक व्यक्ति थे। कर्मठ जननेता थे। उन्होंने विधानसभा उपाध्यक्ष रहते हुए अपनी कार्यकुशलता का परिचय दिया। छत्तीसगढ़ राज्य की पहली सरकार में राज्यमंत्री के रूप में उन्होंने काफी काम किए। मुख्यमंत्री ने पूर्व विधायक दीपक पटेल को जनता के लिए समर्पित नेता बताते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी। नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने स्वर्गीय मंडावी तथा स्वर्गीय पटेल के साथ के अनुभव का वर्णन करते हुए कहा कि मनोज मंडावी समर्पित नेता थे। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह ने स्वर्गीय मंडावी को बस्तर ही नहीं छत्तीसगढ़ का बड़ा नेता बताते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने दीपक पटेल का स्मरण करते हुए कहा कि वे उत्कृष्ट विधायक थे। मंत्री टीएस सिंहदेव ने दोनों दिवंगत नेताओं को श्रद्धांजलि दी। मंत्री कवासी लखमा ने स्वर्गीय मंडावी को आदिवासी समाज का समर्पित नेता बताया। मंत्री अमरजीत भगत भाजपा सदस्य अजय चंद्राकर कांग्रेस सदस्य मोहन मरकाम शैलेश पांडेय ने भी दोनों दिवंगत नेताओं को याद करते हुए संस्मरण व्यक्त किये। इसके बाद मौन धारण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।