अंतर्राष्ट्रीय
01-Feb-2023
...


वॉशिंगटन (ईएमएस)। अमेरिका और चीन के बीच युद्ध की आशंकाओं के बीच पूर्व मिलिट्री जनरल ने बड़ी चेतावनी दी है। रिटायर्ड अमेरिकी जनरल जैक कीन ने कहा कि अमेरिकी सेना चीन के साथ युद्ध के लिए तैयार नहीं है। अमेरिका और चीन के संबंध लंबे समय से तनावपूर्ण बने हुए हैं। दोनों ही देशों में ताइवान दक्षिण चीन सागर तिब्बत हॉन्ग कॉन्ग उइगर जैसे कई मुद्दों पर विवाद है। इस बीच अमेरिकी वायु सेना के एयर मोबिलिटी कमांड के प्रमुख ने अधिकारियों को मेमो भेजकर चीन के साथ युद्ध की भविष्यवाणी की है। अमेरिकी कांग्रेस के वरिष्ठ रिपब्लिकन सांसद माइकल मैककॉल ने भी जनरल माइक मिन्हान के बयान का समर्थन करते हुए कहा था कि ताइवान के मुद्दे पर चीन से संघर्ष की आशंका काफी ज्यादा है। वहीं पूर्व अमेरिकी जनरल जैक कीन ने कहा कि अगर चीन के साथ कोई संघर्ष हुआ तब अमेरिका तैयार नहीं हो सकता है। उन्होंने कहा कि वास्तविकता यह है और हमें ध्यान देना चाहिए कि हम उतने तैयार नहीं हैं जितना हमें होना चाहिए। हमारे पास इस क्षेत्र में एक प्रभावी सैन्य प्रतिरोध नहीं है। चीन के पास अमेरिका से अधिक जहाज अधिक विमान और अधिक मिसाइलें हैं। जनरल कीन ने ताइवान के भविष्य पर चेतावनी देकर रूस-यूक्रेन युद्ध से तुलना की। उन्होंने कहा कि अमेरिका को ताइवान की सैन्य जरूरतों को जल्द पूरा करना चाहिए। उन्होंने इशारा करते हुए कहा कि अमेरिकी कंपनियों के पास मित्र देशों के कई हथियारों की डील लटकी पड़ी है। उन्होंने कहा कि में उस सिस्टम को सुधारना होगा जिससे मदद को जल्द से जल्द भेजा जा सके। ताइवान ने 2019 में अमेरिका के साथ एम1ए2 टैंक की डील की थी। लेकिन अब अमेरिका ने पहले यूक्रेन और फिर पोलैंड को टैंक भेजने का निर्णय लिया है। कीन ने कहा कि हमें ताइवान की मदद करनी है और हमें अपनी समस्या खुद सुलझानी है। वास्तव में हमें इसी पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए। हमें जोखिम को दूर करना होगा और हमेशा तैयार रहना होगा। ऐसे में ही हम युद्ध को रोक सकते हैं।