क्षेत्रीय
03-Feb-2023
...


हाथरस (ईएमएस)। जिले में एक रिटायर्ड फौजी ने पिस्टल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। अभी खुदकुशी करने की वजह पता नहीं चल पाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जानकारी के मुताबिक सदर कोतवाली सदर इलाके के गांव कलवारी निवासी अजयवीर सिंह चौधरी पुत्र मोहन सिंह रिटायर फौजी हैं। वह अपने पड़ोसी रिटायर फौजी की हत्या के मामले में डेढ़ साल पहले जेल गया था। अभी हाल ही में वह जेल से जमानत पर रिहा होकर घर आया था। बताया जाता है कि दो दिन से वह देर रात अपने घर में हंगामा कर रहा था। उसने पिस्टल से खुद को गोली मार ली। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस बात की सूचना मिलते ही कोतवाली सदर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। बताया जाता है कि 2020 में अजयवीर ने अपने पड़ोसी रिटायर फौजी रामवीर की गोली मारकर हत्या कर दी थी। तब से वह जिला जेल अलीगढ़ में बंद था। 25 दिसम्बर 2022 को ही जमानत पर रिहा होकर आया था।