अंतर्राष्ट्रीय
04-Feb-2023
...


तेहरान (ईएमएस)। ईरान में सड़क पर डांस करने के कारण युवा जोड़े को 10 साल से अधिक की जेल की सजा सुनाई गई है। ईरान की राजधानी तेहरान में फ्रीडम स्क्वायर पर स्ट्रीट डांस करने वाले कपल ने अपना वीडियो खुद सोशल मीडिया पर शेयर किया था। जिसके बाद ईरान की कट्टर इस्लामिक सरकार ने इसे शासन के खिलाफ अवज्ञा मानते हुए गिरफ्तार कर लिया था। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुए इस वीडियो में अस्तियाज हघीघी (21) अपने 22 वर्षीय मंगेतर अमीर मोहमद अमीरी के साथ स्ट्रीट डांस करती दिख रही हैं। अस्तियाज हघीघी ने ईरान के सख्त नियमों के बावजूद हिजाब भी नहीं पहना था। वहीं ईरान में महिलाओं को सार्वजनिक रूप से डांस करने की भी अनुमति नहीं है। ईरान की कोर्ट ने उन्हें पब्लिक प्लेस में डांस करने वेश्यावृत्ति को बढ़ावा देने और राष्ट्रीय सुरक्षा को बाधित करने का गुनहगार माना है। जिसके बाद दोनों को 10 साल 6 माह की जेल की सजा सुनाई गई। सुरक्षा बलों ने सबसे पहले 30 अक्टूबर की छापा मार कर दोनों को गिरफ्तार किया था। उसके बाद में उन्हें जेल भेज दिया गया। कपल इंस्टाग्राम पर काफी पापुलर हैं। दोनों के इंस्टाग्राम पर करीब 1 मिलियन फॉलोअर्स हैं। दोनों के अलग-अलग यूट्यूब चैनल भी हैं। इनके यू ट्यूब चैनल पर भी लाखों सब्सक्राइबर हैं। आपको बता दें कि ईरान में बहुत सख्त कानून हैं। महिलाओं को लेकर वहां भारी पाबंदियां हैं। वहां कोई महिला अकेले सार्वजनिक स्थल पर डांस नहीं कर सकती है। ऐसे में अस्तियाज हघीघी पर प्रेमी के साथ डांस करने का आरोप है। बताया गया कि सरकार ने दोनों के ऑनलाइन कंटेंट पोस्ट करने पर भी पाबंदी लगा दी।