अंतर्राष्ट्रीय
04-Feb-2023
...


वाशिंगटन (ईएमएस)। चीन के जासूसी गुब्बारे के अमेरिका के ऊपर से गुजरने का मुद्दा अब दोनों देशों के बीच तनाव का नया कारण बनकर उभरा है। अमेरिकी रक्षा विभाग पेंटागन ने कहा एक और चीनी निगरानी गुब्बारा लैटिन अमेरिका से होकर गुजर रहा है। पेंटागन के प्रेस सचिव ब्रिगेडियर जनरल पैट राइडर ने कहा कि ‘एक और जासूसी गुब्बारे के लैटिन अमेरिका से गुजरने की रिपोर्ट मिल रही है। हमारा अंदाजा है कि यह एक और चीनी जासूसी गुब्बारा है। इस समय इससे ज्यादा देने के लिए और कोई जानकारी नहीं है। इससे पहले एक संदिग्ध चीनी जासूसी गुब्बारे को अमेरिका के ऊपर से उड़ते हुए ट्रैक किया गया था। इस घटना को वाशिंगटन ने अमेरिकी संप्रभुता का ‘साफ उल्लंघन’ कहा था। अधिकारियों ने कहा कि सैनिक लीडरशिप ने बुधवार को बहुत ऊंचाई पर उड़ने वाले इस चीनी निगरानी गुब्बारे को मार गिराने पर विचार किया था, लेकिन उसके मलबे से पैदा होने वाले सुरक्षा जोखिम के कारण राष्ट्रपति जो बाइडन से इससे बचने की सिफारिश की। इसके घटना से अमेरिका में बहुत नाराजगी है। इसके बाद अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकेन ने चीन के अपने प्रस्तावित दौरे को रोक दिया है। उधर, चीन ने कहा है कि यह एक अप्रत्याशित घटना है, जो तेज हवा के कारण हुई है। चीन के विदेश मंत्री वांग यी ने शुक्रवार रात अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकेन से फोन पर कहा कि इसके बारे में चीन किसी भी आधारहीन अटकल को स्वीकार नहीं करता है। बहरहाल अमेरिका के भीतर एक चीनी जासूसी गुब्बारे को मोंटाना के ऊपर उड़ते हुए पाए जाने के एक दिन बाद ही लैटिन अमेरिका से होकर गुजरने वाले एक चीनी निगरानी गुब्बारे का पता चला। जिसके कारण अमेरिकी विदेश मंत्री टोनी ब्लिंकन ने बीजिंग की अपनी यात्रा को स्थगित कर दिया।