राज्य
04-Feb-2023
...


- खून की कमी से गंभीर रूप से पीड़ित भारती ठाकुर का तत्परता से हुआ इलाज नरसिंहपुर (ईएमएस)। कलेक्टर सुश्री ऋजु बाफना के निर्देशानुसार जिले को एनीमिया मुक्त बनाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत 15 से 35 वर्ष की आयु की महिलाओं में खून की कमी की जांच कर पीड़ित महिला का उपचार किया जा रहा है। इस दौरान घर- घर जाकर महिलाओं की रक्ताल्पता की पहचान व उपचार का कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जिले के विकासखंड नरसिंहपुर के दूरस्थ आदिवासी अंचल के उप स्वास्थ्य केन्द्र बरपानी के अंतर्गत डिजिटल जांच दल में एएनएम एवं कम्युनिटी हेल्थ ऑफीसर द्वारा घर- घर भ्रमण किया जा रहा था। इस रक्त अल्पता परीक्षण अभियान दल द्वारा 23 वर्षीय श्रीमती भारती ठाकुर पति राहुल ठाकुर की हिमोग्लोबीनोमीटर के माध्यम से जांच की गई। श्रीमती भारती ठाकुर की जांच में 2.2 ग्राम हीमोग्लोबिन पाया गया। इस पर तत्काल भारती ठाकुर को 108 वाहन द्वारा आशा कार्यकर्ता के साथ जिला अस्पताल इलाज के लिए भेजा गया। सीबीसी जांच में हीमोग्लोबिन 2.2 ग्राम पाया गया। यहां मौजूद डॉक्टर्स द्वारा भारती ठाकुर को तत्काल जिला चिकित्सालय में भर्ती कर रक्त लगाने की व्यवस्था की गई। इस कारण से खून की कमी से गंभीर रूप से प्रभावित भारती ठाकुर का सफलता पूर्वक इलाज किया जा सका। जिले में रक्ताल्पता की पहचान व उपचार के लिए चलाया जा रहा कार्यक्रम दूरस्थ आदिवासी अंचल की भारती ठाकुर के उपचार में वरदान बनकर सामने आया। .../ 4 फरवरी 2023