क्षेत्रीय
04-Feb-2023
...


विकास योजना 2035 प्रारूप हेतु प्राप्त आपत्ति एवं सुझाव पर बैठक संपन्न अशोकनगर (ईएमएस)। शहर विकास का मास्टर प्लान सभी की सहमति से ही तैयार होकर शासन को भेजा जाएगा। विकास योजना 2035 प्रारूप हेतु प्राप्त आपत्ति एवं सुझाव का निराकरण किया जाएगा। इस आशय के विचार प्रदेश के लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी राज्यमंत्री बृजेन्द्र सिंह यादव ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित नगर तथा ग्राम विकास विभाग द्वारा अशोकनगर विकास योजना 2035 प्रारूप हेतु आपत्ति/सुझाव पर सुनवाई संबंधी बैठक के दौरान व्यक्त किए। बैठक में राज्यमंत्री श्री यादव ने कहा कि शहर के विकास के लिए क्या जरूरी है, इस पर विशेष ध्यान दिया जाकर मास्टर प्लान तैयार किया जाए। उन्होंने निर्देशित किया कि शहर विकास की सभी संभावनाओं को समाहित करते हुए 2035 प्रारूप बनाया जाए। बैठक में आपत्तिकर्ताओं की आपत्तियों की सुनवाई कर समिति द्वारा आवश्यक निर्णय लिए गए। साथ ही प्राप्त सुझावों को मास्टर प्लान में समाहित किए जाने हेतु आश्वस्त किया गया। शहर में यातायात के दबाव को कम करने के लिए रिंग रोड बनाए जाने का प्रस्ताव रखा गया जो शहर के त्रिदेव मंदिर से शुरू होकर आवरी तक बनाए जाने पर चर्चा हुई। जिस पर शहर के विस्तार के मद्देनजर इसका क्षेत्र बढ़ाये जाने तथा सभी मार्गों को ध्यान में रखकर पीडब्ल्यूडी द्वारा चिन्हित स्थानों पर रिंगरोड को शामिल किए जाने तथा मौका मुआयना कर प्रस्तावित किए जाने का निर्णय लिया गया। बैठक में गुना, आरोन तथा विदिशा रोड पर आवासीय एवं वाणिज्यिक भूमि प्रस्तावित किए जाने पर भी चर्चा की गई। बैठक में पावर प्रजेन्टेशन के माध्यम से 23 आपत्तियों की सुनवाई कर निराकरण के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही सेटेलाइट सर्वे, जनसंख्या वृद्धि एवं आंकलन, प्रस्तावित नक्शा, वर्ष 2011 की जनसंख्या के आधार पर ग्रोथ बढाकर विकास योजना तैयार किए जाने, ग्रीन बेल्ट, शासकीय भूमि के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष जगन्नाथ सिंह रघुवंशी, विधायक जजपाल सिंह जज्जी, नगरपालिका अध्यक्ष, कलेक्टर आर. उमामहेश्वरी, जनप्रतिनिधि, संबंधित अधिकारी तथा आपत्तिकर्तागण उपस्थित थे। ओमप्रकाश/04/02/2023