राष्ट्रीय
06-Feb-2023
...


-पूर्व पाक राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ के निधन पर किए गए ट्वीट को लेकर मचे घमासान के बीच कांग्रेस नेता ने दी सफाई नई दिल्ली (ईएमएस)। पाकिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ के निधन पर पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस नेता शशि थरूर के ट्वीट को लेकर सियासी पारा चढ़ गया है। शशि थरूर के ट्वीट पर भाजपा ने उन्हें आड़े हाथों लिया। सोशल मीडिया पर भी शशि थरूर जमकर ट्रोल हो रहे हैं। वरिष्ठ कांग्रेस नेता शशि थरूर ने रविवार को पाकिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ के निधन पर शोक व्यक्त किया। शशि थरूर ने कहा कि कभी भारत के कट्टर शत्रु रहे मुशर्रफ 2002-2007 के बीच शांति के लिए असली ताकत बन गए थे। तिरुअनंतपुरम के सांसद थरूर ने कहा मैं उन दिनों संयुक्त राष्ट्र में सालाना उनसे मिलता था। मुझे वह स्मार्ट और आकर्षक लगते थे। उनकी रणनीतिक सोच बहुत स्पष्ट थी। इस पोस्ट पर खुद को घिरते देख शशि थरूर ने एक और ट्वीट पोस्ट करके इस पूरे मामले में सफाई दी है। उन्होंने ट्वीट में लिखा, मैं एक ऐसे भारत में पला-बढ़ा हूं, जहां लोगों से उम्मीद की जाती है कि वे मरने वाले व्यक्ति के बारे में अच्छी बातें करे। मुशर्रफ भारत विरोधी और करगिल के जिम्मेदार थे, लेकिन इस बात को नहीं नकारा जा सकता कि उन्होंने 2002-7 में अपने हित में भारत में शांति के लिए काम किया। भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा कि मुशर्रफ करगिल युद्ध के साजिशकर्ता, तानाशाह, जघन्य अपराधों के आरोपी थे। उन्होंने तालिबान और ओसामा को ‘भाई’ और ‘नायक’ माना था और जिन्होंने अपने ही सैनिकों के शवों को वापस लेने से इनकार कर दिया था, कांग्रेस की ओर से से उनकी प्रशंसा की जा रही है! आश्चर्य हो रहा है? कांग्रेस की पाकिस्तान परस्ती फिर सामने आई है। केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने भी थरूर के ट्वीट को लेकर उन पर जोरदार हमला बोला है। चंद्रशेखर ने कहा कांग्रेस के एक पूर्व विदेश राज्य मंत्री को लगता होगा कि एक पाक जनरल जिसने आतंक फैलाया, पीठ में छुरा घोंपा और हर अंतरराष्ट्रीय नियम का उल्लंघन कर हमारे सैनिकों को प्रताड़ित किया, वह शांति की वास्तविक ताकत बन गया।