राष्ट्रीय
06-Feb-2023
...


मुंबई (ईएमएस)। महाराष्ट्र कांग्रेस में सबकुछ ठीक नहीं है। खबर है कि सत्यजीत तांबे की बगावत की बात दिल्ली तक पहुंच गई है। पार्टी के प्रदेश प्रमुख नाना पटोले को हटाने की मांग जोर पकड़ रही है। कांग्रेस के दिग्गज नेता बालासाहेब थोराट ने बिना किसी नेता का नाम लिए पार्टी में आंतरिक कलह की बात कही है। इधर, पटोले ने तमाम आरोपों से इनकार किया है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, पार्टी के एक नेता ने कहा पटोले पार्टी को साथ लेकर नहीं चलते हैं। वह दूसरे गुटों से माने जाने वाले कांग्रेस नेताओं को दरकिनार कर रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी के बजाए राज्य में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेतृत्व के साथ उनका विवाद ज्यादा रहा है। इस मामले ने तांबे मामले के बाद और तूल पकड़ लिया है। थोराट ने कहा कि तांबे को लेकर जारी विवाद पार्टी में चल रही गंदी राजनीति का हिस्सा है। उन्होंने साफ कर दिया है कि वह भतीजे तांबे के साथ रहेंगे और मामले में दिल्ली आलाकमान फैसला लेगा। तांबे ने हाल ही में निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर नासिक डिविजन में जीत हासिल की है। कांग्रेस ने उनके पिता और एमएलसी सुधीर तांबे को टिकट दिया था। जबकि, परिवार भी सत्यजीत को ही मैदान में उतारना चाह रहा था। इसके चलते सुधीर ने भी सत्यजीत का समर्थन किया और नामांकन दाखिल करने से इनकार कर दिया। चुनाव जीतने के बाद सत्यजीत ने पटोले को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि तांबे और थोराट परिवार के खिलाफ पटोले ने साजिश की है। उन्होंने कहा कि पार्टी से बाहर करने और परिवार को बदनाम करने के लिए गलत ए और बी फॉर्म्स उनके पास भेजे गए थे। थोराट ने बगैर किसी नेता का नाम लिए कहा कुछ लोग हमारे बारे में गलत जानकारी फैला रहे हैं। यह भी कहा जा रहा है कि मैं भाजपा में शामिल हो रहा हूं।