क्षेत्रीय
08-Feb-2023
...


अलीगढ़/बुलंदशहर (ईएमएस)। बुधवार को सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव एनसीपी नेता केके शर्मा की बेटी की शादी में शरीक हुए। उन्होंने पत्रकारों से बात करते हुए भाजपा पर करारा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में महंगाई और बेरोजगारी चरम पर है। जनता की समस्याओं का कोई समाधान नहीं है। आम जनता, किसान, नौजवान, व्यापारी सभी परेशान है। अखिलेश ने प्रदेश की योगी सरकार पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ये सरकार पूरी तरह तानाशाही पर उतारू है। केन्द्र और राज्य की दोनों सरकारें बुनियादी मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने का काम कर रही है। उन्होंने बीजेपी पर पत्रकारों की आवाज दबाने का आरोप लगाया और कहा कि पत्रकारों को भी सच्चाई लिखने पर फर्जी केसों में फंसा कर जेल भेज दिया जा रहा है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने रामचरितमानस को लेकर छिड़े विवाद के बीच कहा कि “हमारे मुख्यमंत्री योगी हैं जो एक मठ से आए हैं। उसका अपना एक इतिहास रहा है। मैं रामचरितमानस और शूद्र पर सीधा पूछूंगा कि सदन में बताइए, शूद्र कौन-कौन हैं। ये हमारा और आपका सवाल नहीं है, ये धार्मिक लोगों का सवाल है। उन्होंने कहा कि “हम तो भगवान विष्णु के सभी अवतारों को मानते हैं, जिस पर हमें आपत्ति है उस पर हम सदन में पूछेंगे। जिस शब्द को लेकर बवाल मचा है। उसके बारे में कोई क्यों नहीं बोल रहा है। मैं इसे लेकर सदन में सवाल पूछूंगा। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने दूध के बाद अब बस-आटो का किराया बढ़ाकर घरेलू अर्थव्यवस्था को चौपट करने का काम किया है। पहले अमूल ने अपने दूध उत्पादों के दाम बढ़ाए फिर पराग ने भी दाम बढ़ा दिए। अब भाजपा सरकार ने लोगों का सफर भी महंगा कर दिया है। अखिलेश ने कहा कि केंद्रीय बजट के साथ ही भाजपा की डबल इंजन सरकार ने जनता पर महंगाई की मार पड़ना शुरू हो गई है। लोग त्राहि-त्राहि करने लगे हैं। अपनी गृहस्थी लोग कैसे चलाएं और कैसे जीवनयापन करें यह सवाल सभी को परेशान कर रहा है। जनता को अब पूरा विश्वास हो चला है कि भाजपा सरकार पूंजीघरानों की संरक्षक सरकार है, पूंजीपति मित्रों को लंबे-लंबे कर्ज देने वाली सरकार है, उससे देश की अर्थव्यवस्था भले ही बने या बिगड़े। धर्मेन्द्र राघव/08/02/2023