राज्य
01-May-2023
...


नोएडा (ईएमएस)। उत्तर प्रदेश के नोएडा में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां सेक्टर-121 में एक मकान की नींव की खुदाई चल रही थी, तभी अचानक मिट्टी ढहने से एक पांच साल का बच्चा दब गया।परिजनों ने किसी तरह मिट्टी हटाकर बच्चे को बाहर निकाला। बच्चे के माता-पिता तत्काल इलाज के लिए उसे अस्पताल ले गए, लेकिन तबतक देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया। जिस बच्चे की जान गई है, उसका नाम मोहम्मद शाहरुख है। सेंट्रल नोएडा के एडीसीपी राजीव दीक्षित ने बताया कि इस हादसे में एक और मजूदूर भी जख्मी हो गया है, जो कि अस्पताल में भर्ती है। मिट्टी में दबने से बच्चा गंभीर रूप से जख्मी हो गया था। पुलिस घटना की जांच में जुटी है। वहीं, घटना के बाद बच्चे के माता-पिता सदमे में हैं। बच्चे के माता-पिताके आंखों से आंसू रुकने के नाम नहीं ले रहे। उन्हें अब भरोसा नहीं हो रहा कि शाहरुख अब इस दुनिया में नहीं हैं। आसपास के लोग दोनों को ढांढस बंधा रहे हैं। मकान के पास काम कर रहे मजदूरों के मुताबिक, अचानक ये हादसा हुआ। जबतक लोग कुछ समझ पाते, बच्चा मिट्टी में दब चुका था।