राज्य
29-Sep-2023
...


तीन वरिष्ठ मंत्रियों और 90 विधायकों के कट सकते हैं टिकट! (महेश दीक्षित) भोपाल, (ईएमएस)। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने तीन केंद्रीय मंत्रियों सहित सात सांसदों को उम्मीदवार बनाकर सबको चौंका दिया है। अब तक पार्टी ने 79 उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं। अब भाजपा की चौथी सूची का इंतजार है, जो कि चौंकाने वाली हो सकती है। इस सूची में मंत्रियों और मौजूदा विधायकों के नामों पर फैसला होगा। भाजपा सूत्रों के अनुसार इसमें पार्टी गुजरात फार्मूले पर दर्जनभर मंत्रियों और 40 प्रतिशत से अधिक यानी 90 मौजूदा विधायकों के टिकट काट सकती है। इसके साथ पार्टी तीन वरिष्ठ मंत्रियों के टिकट काटकर उनको घर बैठा सकती है। भाजपा सूत्रों के अनुसार पार्टी ने सिंधिया के करीब छह मंत्रियों सहित प्रदेश के दर्जन भर मंत्रियों के टिकट काटने की तैयारी कर ली है। इसमें पार्टी ने कई तीन वरिष्ठ मंत्रियों के टिकट काटकर उन्हें घर बिठाने का मन बना लिया है, जिनकी राज्य सरकार में तूती बोलती है। जिन्हें सपने में अंदाज नहीं कि, उनका टिकट सकता है। इसके साथ पार्टी भाजपा हाईकमान की सर्वे रिपोर्ट में खराब परफारमेंस वाले 50 विधायकों के टिकट काट सकती है। इसके अलावा पार्टी तीन बार के 25 से 30 विधायकों को घर बिठाकर, नए युवा चेहरों को विधानसभा चुनाव में उतारने की तैयारी में है। -टिकट काटने का आधार भाजपा सूत्रों के अनुसार भाजपा हाईकमान को आधा मंत्रियों के खिलाफ भ्रष्टाचार संबंधी तमाम शिकायतें मिली हैं। जिसकी वजह से जनता के बीच पार्टी और सरकार दोनों की छबि खराब हुई है। भाजपा हाईकमान को डर है कि यदि इन मंत्रियों को विधानसभा चुनाव में उतारा गया, तो पार्टी का बड़ा नुकसान हो सकता है। इसके अलावा इन मंत्रियों की कार्यशैली को लेकर कार्यकर्ता पार्टी हाईकमान को लगातार शिकायतें पहुंचाते रहे हैं। -सिंधिया करीबी मंत्रियों का विरोध पार्टी सूत्रों के अनुसार ज्योतिरादित्य सिंधिया के करीबी आधा दर्जन मंत्रियों की कार्यशैली और गतिविधियों को लेकर उनके क्षेत्र के पुराने भाजपा नेता और कार्यकर्ता लगातार विरोध करते रहे हैं। इन मंत्रियों के खिलाफ भाजपा के पुराने नेताओं-कार्यर्ताओं की लगातार उपेक्षा के साथ चारित्रिक हनन किए जाने की शिकायतें भी भाजपा हाईकमान तक पहुंची हैं, जिन्हें भी भाजपा हाईकमान ने गंभीर से लिया है। यह भी इन सिंधिया समर्थित मंत्रियों के टिकट काटे जाने की बड़ी वजह हो सकती है।