राष्ट्रीय
29-Sep-2023
...


-शाजापुर के कालापीपल में जनसभा को करेंगे संबोधित भोपाल (ईएमएस) । मध्यप्रदेश में नवंबर के अंत में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। जहां भाजपा के दिग्गज नेता प्रदेश में रिकॉर्ड तोड़ जनसभाएं कर रहे हैं तो वहीं कांग्रेस भी अब इसी दिशा में आगे बढ़ रही है। शनिवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी मध्यप्रदेश के दौरे पर रहेंगे। वे शाजापुर के काला पीपल में विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। बता दें, मध्यप्रदेश में प्रियंका गांधी ने 12 जून को चुनावी शंखनाद किया था, उसके बाद अब राहुल गांधी आ रहे हैं। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष संगठन राजीव सिंह ने बताया कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष एवं सांसद राहुल गांधी शनिवार को शाजापुर जिले की काला पीपल में विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। राहुल गांधी का विधानसभा चुनाव से पूर्व मध्य प्रदेश का यह पहला बड़ा दौरा कार्यक्रम है। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को मध्य प्रदेश में जनता का ऐतिहासिक और अभूतपूर्व स्नेह मिला था। राहुल गांधी का शाजापुर दौरा मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए निर्णायक साबित होगा। कमल नाथ सहित अन्य दिग्गज होंगे शामिल कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सांसद राहुल गांधी चुनाव अभियान के तहत जन आक्रोश यात्रा में शामिल होंगे और शाजापुर जिले के कालापीपल विधानसभा क्षेत्र के पोलायकलां में जनसभा को संबोधित करेंगे। यहां पूर्व मंत्री और चुनाव अभियान समिति के सह अध्यक्ष जीतू पटवारी जन आक्रोश यात्रा लेकर पहुंचेंगे। कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ सहित वरिष्ठ नेता उपस्थित रहेंगे। स्थानीय विधायक कुणाल चौधरी कार्यक्रम की तैयारियों में जुट गए हैं। प्रदेश में चुनाव अभियान के अंतर्गत अभी तक पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा महाकोशल के जबलपुर और ग्वालियर-चंबल के ग्वालियर में जनसभा को संबोधित कर चुकी हैं। वहीं, राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की बुंदेलखंड के सागर में जनसभा हुई थी। राहुल गांधी का पहले आठ अगस्त को शहडोल के ब्योहारी आने का कार्यक्रम था, लेकिन यह स्थगित हो गया था। जातीय गणना को मुद्दा बना रही कांग्रेस शाजापुर जिले का कालापीपल विधानसभा क्षेत्र अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) बहुल क्षेत्र है। उल्लेखनीय है कि कांग्रेस महिला आरक्षण में ओबीसी कोटे की मांग कर रही है और जातीय गणना को मुद्दा बना रही है। पार्टी का मानना है कि ओबीसी को उसकी जनसंख्या के अनुपात में लाभ नहीं मिल रहा है, इसलिए जातीय गणना करके वस्तुस्थिति पता लगाई जाएगी और फिर लाभ पहुंचाने के कार्यक्रम बनेंगे। प्रदेश कांग्रेस ने अपनी 11 गारंटियों में जातीय गणना को भी शामिल किया है। कालापीपल विधानसभा से विधायक कुणाल चौधरी का कहना है कि हमने राहुल गांधी की यात्रा को लेकर तैयारी प्रारंभ कर दी है। पांच अक्टूबर को आएंगी प्रियंका आदिवासी बहुल जिले धार के मोहनखेड़ा में प्रियंका गांधी वाड्रा का पांच अक्टूबर को कार्यक्रम प्रस्तावित है। वे यहां जनसभा को संबोधित करेंगी। इसके पहले वे जैन तीर्थ, मोहनखेड़ा भी जा सकती हैं। 2018 के विधानसभा चुनाव में धार जिले की सात में से छह विधानसभा सीटें कांग्रेस के पास थीं। उपचुनाव में एक सीट बदनावर भाजपा के पास चली गई। यहां से राजवर्धन सिंह दत्तीगांव विधायक हैं, जो ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ कांग्रेस छोडक़र भाजपा में चले गए थे और उपचुनाव जीते थे।