राज्य
29-Nov-2023
...


भारतीय किसान संघ 15 दिसंबर प्रदेश में शुरू करेगा किसान जोड़ो अभियान भोपाल, (ईएमएस)। अगले साल 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव के पहले भाजपा ने प्रदेश के किसानों में पैठ बनाना शुरू कर दिया है। इसके लिए भाजपा ने अपने अनुषांगिक संगठन भारतीय किसान संघ को अभी से मैदान में उतार दिया है। भाजपा का किसान संघ 15 दिसंबर से प्रदेश में किसान जोड़ो नाम से विशेष अभियान शुरू करने जा रहा है। अभियान के जरिए किसान संघ प्रदेश में करीब 15 लाख किसानों को पार्टी से जोड़ेगा। किसान जोड़ो के नाम से शुरू होने वाला यह अभियान एक महीने तक चलेगा। पार्टी सूत्रों के अनुसार किसान जोड़ो अभियान के जरिए भाजपा लोकसभा चुनाव से पहले किसानों में अपनी पैठ बनाना चाहती है। इसके लिए पार्टी और संघ दोनों ने 15 लाख नए किसानों को भाजपा से जोडऩे का लक्ष्य बनाया है। जानकारी के मुताबिक प्रदेश में एक करोड़ से अधिक किसान रजिस्टर्ड हैं। इस अभियान के जरिए प्रदेश भर में गांव-गांव संपर्क किया जाएगा। उन्हें केंद्र और राज्य सरकार की किसान हितैषी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। प्रत्येक गांव से 50 से अधिक किसान जोडक़र समिति का गठन भी किया जाएगा। - किसानों की नाराजगी दूर करेगी पार्टी सूत्रों के अनुसार भारतीय किसान संघ का किसान जोड़ो अभियान शुरू के पीछे एक बड़ा लक्ष्य प्रदेश के किसानों में भाजपा को लेकर जो नाराजगी है, उसे दूर करना भी है। इस दौरान किसान संघ के कार्यकर्ता प्रदेश के किसानों को मोदी एवं शिवराज सरकार की किसान हितैषी योजनाओं और कार्यक्रम की जानकारी भी देंगे और भाजपा सरकार की नीतियों को लेकर जो गलतफहमियां उन्हें दूर करेंगे। - लोकसभा चुनाव पर नजर हम बता दें कि अगले साल 2024 में लोकसभा चुनाव होना है। मप्र में 29 लोकसभा सीट हैं। इनमें से वर्तमान में 28 सीटें भाजपा के पास हैं। जबकि एक सीट पर कांग्रेस का कब्जा है। लोकसभा चुनाव में किसानों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उनसे जुड़े मुद्दे अहम माने जाते हैं। ऐसे में 15 लाख नए किसानों के माध्यम से भाजपा और किसान संघ 15 लाख परिवारों तक पहुंचने की योजना है। प्रदेश में पांच करोड़ 60 लाख वोटर हैं। इनमें किसान और उनके परिवारों के वोट बड़ी संख्या में हैं।