राज्य
01-Mar-2024
...


लखनऊ (ईएमएस)। भारतीय जनता पार्टी की दिल्ली में चल रही टिकट वितरण की बड़ी बैठक के बीच समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बड़ी बात कही है। उन्होंने लोकसभा चुनावों से पहले एक नया नारा दिया है। उन्होंने कहा कि ‘80 हराओ-संविधान बचाओ’। इतना ही नहीं उन्होंने बीजेपी के चुनावी समीकरणों का गणित समझाते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में हर रीजन में भाजपा के तीन लाख वोटर कम हो गए हैं। सपा मुखिया अखिलेश यादव ने शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि भाजपा ने किसानों की आय दोगुनी करने का वादा किया था लेकिन ऐसा नहीं हुआ। सपा अध्यक्ष ने कहा कि चुनाव नजदीक देख किसानों के लिए बनाये काले कानून वापिस मजबूरी में लिए गए। उन्होंने कहा कि किसान को खुश करने के लिए चौधरी चरण सिंह और स्वामीनाथन को भारत रत्न दिया गया। उन्होंने कहा कि अगर भाजपा सच में किसानों का दर्द समझती है तो उन्हीं समानिनाथं के फॉर्मूले को क्यों लागू नहीं कर रही है। बातचीत में अखिलेश यादव ने युवाओं को रोजगार और समाज के दूसरे वर्गों से जुड़े मुद्दे भी उठाये और भाजपा से सवाल पूछा। सपा अध्यक्ष ने कहा कि पीडीए फार्मूला ही भाजपा को हराएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि किसान, नौजवान और पीडीए के जो साथी हमारे साथ आ गए हैं वो ही बीजेपी को प्रत्येक सीट पर तीन लाख वोट का नुकसान करवाएंगे। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा के लोग पूरे कार्यकाल में केवल चुनावी गणित पर ही काम करते रहे, आम आदमी के सुख-दुःख से इनका कोई सरोकार नहीं है।