राज्य
22-Mar-2024
...


रायपुर (ईएमएस)। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बृहस्पतिवार को एक इंटरव्यू में साय ने विश्वास जताया कि सत्ताधारी भाजपा छत्तीसगढ़ की सभी 11 लोकसभा सीटें जीतेगी। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी अति आत्मविश्वास में नहीं है और अपने प्रतिद्वंद्वी को कमजोर नहीं मानती है। एक सवाल के जवाब में राज्य में माओवादियों को कड़ा संदेश देते हुए साय ने कहा कि यदि नक्सली राज्य में गोलियों की भाषा बोलते रहे तो उन्हें करारा जवाब दिया जाएगा। साय सरकार ने बृहस्पतिवार को अपने 100 दिन पूरे कर लिए। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का आरोप कि उन्हें महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप घोटाले में जानबूझकर फंसाया जा रहा है। इस पर साय ने कहा कि यदि वह निर्दोष हैं तो उन्हें किसी भी तरह की जांच से डरना नहीं चाहिए। अगर वह दोषी नहीं हैं तो उन्हें बड़प्पन दिखाना चाहिए और कहना चाहिए कि उनके खिलाफ देश में उच्च से उच्च स्तर की जांच हो। इस महीने की शुरुआत में राज्य की ईओडब्ल्यू ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा प्रस्तुत एक जांच रिपोर्ट के आधार पर कथित महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी घोटाले में बघेल और 18 अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। ईडी इस घोटाले में धन शोधन की जांच कर रहा है। कांग्रेस के इस आरोप पर कि बघेल के खिलाफ षड़यंत्र किया जा रहा है मुख्यमंत्री ने कहा एक आरोपी कभी भी अपना अपराध स्वीकार नहीं करता है। राजनीतिक सवालों के अलावा 60 वर्षीय साय ने पिछले 3 महीनों में अपनी सरकार द्वारा किए गए कार्यों और शुरू की गई योजनाओं पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा मैंने बुधवार को बस्तर क्षेत्र से लोकसभा चुनाव के लिए अभियान शुरू किया है। नारायणपुर जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में लोगों की भारी भीड़ भाजपा के लिए भारी समर्थन प्रदर्शित करती है। सीएम साय ने दावा किया कि महतारी वंदन योजना से महिलाएं बहुत खुश हैं किसानों को पिछले 3 महीनों में 2 बार पैसा दिया गया है। युवा राज्य लोक सेवा आयोग में अनियमितताओं की जांच सीबीआई से कराने के फैसले से राज्य में हर वर्ग खुश है। राज्य सरकार का यह कार्य सभी 11 लोकसभा सीटें जीतने में मदद करेंगे। कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस को आगामी लोकसभा चुनावों के लिए उम्मीदवार नहीं मिल रहे हैं क्योंकि उनके नेता चुनाव लड़ने में रुचि नहीं दिखा रहे हैं। राज्य के लोगों ने छत्तीसगढ़ में कांग्रेस को 5 साल 2018 से 2023 तक मौका देकर देख लिया है। पिछली सरकार के दौरान कांग्रेस द्वारा किये गये 36 वादों में से एक भी पूरा नहीं किया गया है। पार्टी ने लोगों के बीच अपना विश्वास खो दिया है। हालत यह है कि कांग्रेस को लोकसभा के लिए भी उम्मीदवार नहीं मिल रहे हैं। पहले चरण के लिए नामांकन बुधवार को शुरू हो गया है,लेकिन अभी तक बस्तर सीट के लिए उम्मीदवार की घोषणा नहीं की गई है। पार्टी का कोई भी नेता चुनाव लड़ने में दिलचस्पी नहीं दिखा रहा है। पूरे देश में कांग्रेस नेता भाजपा में शामिल हो रहे हैं। राज्य की 11 लोकसभा सीटों में से अकेले बस्तर में पहले चरण में 19 अप्रैल को मतदान होगा। छत्तीसगढ़ की 11 सीटों के लिए लोकसभा चुनाव 3 चरणों में 19 अप्रैल 26 अप्रैल और 7 मई को होंगे। 4 जून को वोटों की गिनती होगी। कांग्रेस ने अब तक 6 सीटों पर जबकि भाजपा ने सभी 11 सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। लोकसभा चुनाव में राजनांदगांव सहित कुछ सीटों पर भाजपा को मिलने वाली चुनौतियों के बारे में पूछे जाने पर सीएम साय ने कहा हम हर सीट को कठिन सीट मानते हैं। हम अपने प्रतिद्वंद्वी को कमजोर नहीं मानते और हम हर सीट पर मजबूती से लड़ेंगे और उन्हें जीतेंगे भी। पवन सोनी/ईएमएस 22 मार्च 2024