राज्य
17-Jun-2024
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली में बीते लगातार लू चल रही है। यह लू अभी लोगों को दो से तीन दिन और झेलनी पड़ेगी। इसके बाद हल्की बारिश और आंधी एक दो दिन की राहत ले कर आएंगी। लेकिन यह आंशिक होगी। एक बार फिर तेज गर्मी लौटेगी। रविवार को अधिकतम तापमान 44.9 डिग्री रहा। यह सामान्य से छह डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान भी सामान्य से छह डिग्री अधिक 33.2 डिग्री रहा। पीतमपुरा में अधिकतम तापमान 47.3, रिज में 46.3, आया नगर में 46.2, फरीदाबाद में 46.4, जाफरपुर में 46.5, नजफगढ़ में 46.1, नोएडा में 46.6 और पूसा में 46.8 डिग्री रहा। अन्य जगहों पर भी तापमान 45 डिग्री या इससे अधिक ही रहा। वहीं पालम में न्यूनतम तापमान 32, आया नगर और गुरुग्राम में 33, फरीदाबाद में 32।4, गाजियाबाद में 33.6, नोएडा में 34।5, पीतमपुरा में 35.7 और पूसा में 34.8 डिग्री रहा। मतलब साफ है कि दिल्ली रात के समय भी अब तपने लगी है। अधिकम और न्यूनतम तापमान का अंतर 10 डिग्री तक रह गया है। पूर्वानुमान के अनुसार सोमवार को आसमान साफ रहेगा। अधिकांश जगहों पर लू रहेगी। कुछ जगहों पर गंभीर लू और रात के समय भी लू की स्थिति रहेगी। 35 से 45 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से शुष्क और गर्म तेज हवाएं चलेंगी। अधिकतम तापमान 45 और न्यूनतम 34 डिग्री रह सकता है। इसके बाद 18 और 19 जून को भी लू की स्थिति रहेगी। अधिकतम तापमान 45 से 55 और न्यूनतम तापमान 35 डिग्री तक जा सकता है। आंशिक बादल छाएंगे। तेज गर्म शुष्क हवाएं चलेंगी। इनकी गति 25 से 35 किलोमीटर प्रति घंटे के आसपास रह सकती है। इसके बाद 20 और 21 को आंधी, हल्की बारिश की संभावना है। इसकी वजह से तापमान में थोड़ी कमी जरूर आएगी लेकिन यह 40 डिग्री के ऊपर बना रहेगा। 20 और 21 जून को अधिकतम तापमान 42 से 43 डिग्री तक रह सकता है। न्यूनतम तापमान 34 से 32 डिग्री तक रहेगा। 22 जून को एक बार फिर गर्मी का प्रकोप बढ़ेगा। अधिकतम तापमान बढ़कर 44 डिग्री और न्यूनतम 33 डिग्री तक पहुंच जाएगा। अजीत झा/ देवेन्द्र/ नई दिल्ली/ ईएमएस/17/ जून /2024