राज्य
17-Jun-2024
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। भीषण गर्मी के बीच देश की राजधानी दिल्ली बूंद बूंद को तरस रही है। पानी की किल्लत पर सियासत में उबाल है। बीजेपी और आम आदमी पार्टी आमने सामने हैं। पानी नहीं मिलने पर छतरपुर की जनता का धैर्य आज जवाब दे गया। लोगों ने जल बोर्ड के ऑफिस पर पथराव कर दिया। पत्थरबाजी में दफ्तर के शीशे टूट गये। भारी संख्या में महिलाएं भी मटका लेकर प्रदर्शन करने पहुंची थीं। प्रदर्शनकारियों ने मुर्दाबाद के नारे भी लगाये। प्रदर्शनकारी चंद्रपाल बैरवा ने बताया कि इलाके में लोगों को पानी नहीं मिल रहा है। जल बोर्ड के अधिकारी फरियाद नहीं सुनते हैं। विधायक भी जनता की सुध नहीं ले रहे हैं। उन्होंने बताया कि एक वाटर टैंकर की अर्जी डालने के लिए 5 बार जल बोर्ड का चक्कर लगाना पड़ता है। 500 रुपये खर्च होने के बाद जल बोर्ड से एक टैंकर पहुंचता है। एक ड्रम पानी भरने के 100 रुपये देने पड़ते हैं। विधायक को लोगों की समस्या से मतलब नहीं है। प्रदर्शनकारियों ने बीजेपी के पूर्व सांसद रमेश बिधूड़ी से जल समस्या की शिकायत की। उन्होंने जल मंत्री आतिशी से सवाल पूछे। पूर्व सांसद ने कहा 10 सालों में जल उत्पादन की क्षमता नहीं बढ़ी है। 2014 में 950 एमजीडी पानी का उत्पादन होता था। दिल्ली सरकार ने जल उत्पादन क्षमता बढ़ाने के लिए पिछले 10 वर्षों में कुछ भी नहीं किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार ने वर्षा जल संचय पर काम क्यों नहीं किया। वाटर ट्रीटमेंट प्लांट की क्षमता को क्यों नहीं बढ़ाया गया। सिर्फ आरोप लगाने से दिल्ली में जल समस्या का समाधान नहीं हो सकता। रमेश बिधूड़ी ने कहा कि महिलाओं को मुफ्त यात्रा, गरीबों को मुफ्त बिजली का लालच देकर आम आदमी पार्टी ने सरकार बना ली। अजीत झा/ देवेन्द्र/ नई दिल्ली/ ईएमएस/17/ जून /2024