नई दिल्ली (ईएमएस)। देश के सबसे बड़े कारोबारी समूहों में शामिल टाटा संस के पूर्व चेयरमैन रतन टाटा को क्रिकेट जगत ने भी श्रद्धांजलि दी है। रतन टाटा का बुधवार रात को 86 साल की उम्र में निधन हो गया था। वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे। उन्होंने मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में अंतिम सांसें ली। उनके निधन से देश भर में शोक की लहर है। भारतीय क्रिकेटरों ने भी उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी है। पूर्व भारतीय क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग ने श्रद्धांजलि देते हुए सोशल मीडिया पर लिखा, हमने देश के एक सच्चे रत्न को खो दिया है। श्री रतन टाटा जी। उनका जीवन हम सबके लिए प्रेरणास्रोत है। आप हमेशा हमारे दिल में रहेंगे। ओम शांति। वहीं पूर्व क्रिकेटर सुरेश रैना ने श्रद्धांजलि देते हुए सोशल मीडिया पर लिखा, भारत ने आज एक सच्चे आइकन को खो दिया। रतन टाटा सर के दूरदर्शी नेतृत्व, उनकी करुणा और परोपकार के प्रति अटूट प्रतिबद्धता ने हमारे देश और दुनिया पर एक अलग छाप छोड़ी है। उनकी विरासत हम सभी को प्रेरणा देती रहेगी। ओम शांति। वहीं हरभजन सिंह ने सोशल मीडिया पर लिखा, सतनाम वाहेगुरु, रतन टाटा जी आधुनिक भारत के निर्माताओं में से एक के रूप में हमेशा हमारे दिलों में बने रहेंगे। उनके नेतृत्व, विनम्रता और नैतिकता और मूल्यों के प्रति अटूट प्रतिबद्धता ने एक ऐसा मानदंड स्थापित किया जो आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा। उनकी विरासत को हमेशा याद किया जाएगा, न केवल उनके द्वारा बनाई गई कंपनियों के लिए, बल्कि उन अनगिनत जिंदगियों के लिए भी, जिन्हें उन्होंने अपनी करुणा और उदारता से छुआ। ईश्वर उनकी आत्म को शांति दे। वहीं सूर्यकुमार यादव ने कहा, दयालुता का प्रतीक, सबसे प्रेरणादायक, एक आदमी का चमत्कार। सर, आपने बहुत सारे दिलों को छू लिया है। आपका जीवन राष्ट्र के लिए वरदान रहा है। आपकी अंतहीन और बिना शर्त सेवा के लिए धन्यवाद। आपकी विरासत जीवित रहेगी। इसके अलावा कई अन्य क्रिकेटरों और क्रिकेट जगत से जुड़े लोगों ने भी रतन टाटा को याद किया है। गिरजा/ईएमएस 10 अक्टूबर 2024