वाराणसी (ईएमएस)। काशी अति प्राचीन धार्मिक नगरी है, इसके साथ- साथ पर्यटन के विश्व मानचित्र पर भी अब इसका नाम है। यहां के सुरम्य 80 घाटों तथा मोक्ष दायनी माँ गंगा का स्नान -ध्यान करने उत्तरी भारत के अलावा दक्षिणी भारत से लाखों श्रद्धालू वर्ष पर्यंत आते रहते हैं। इधर विगत वर्षो में काशी विश्वनाथ धाम कोरिडोर बन जाने से दर्शना र्थियों में बेतहासा वृद्धि हुई है। बढ़ते हुए पर्यटकों की संख्या को देखकर ट्रैफिक मैनेजमेंट यहाँ के प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बन गयी है। इस चुनौती से निपटने के लिए पुलिस प्रशासन नें काशी विश्वनाथ धाम यानी गोदौलिया - मैदागिन रोड को हमेशा के लिए नों व्हीकल जोन घोषित कर दिया है, यह व्यवस्था गुरुवार से लागू हो जाएगा। इस नई व्यवस्था के तहत इस मार्ग पर सुबह 9:00 बजे से रात 10:00 बजे के बीच सभी तरह के वाहनों के आवागमन पर रोक रहेगी। मार्ग की दोनों ओर के बासिंदे और दुकानदारों को आधार,पास या दुकानों का लाइसेंस दिखाने पर बाइक से आवागमन पर छूट रहेगी। यह जानकारी पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल नें दी है। उन्होंने कहा कि विश्वनाथ धाम में दर्शनर्थियों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। उनकी सहूलियत को विशेष ध्यान में रख कर यह व्यवस्था की जा रही है। अभी हर वर्ष पूरे सावन में इस मार्ग को नों व्हीकल जोन घोषित किया जाता रहा है, लेकिन श्रद्धालुओं के लगातार बढ़ रहे दबाव को देखते हुए हमेशा के लिए यह व्यवस्था लागू करने की घोषणा की गयी है। भीड़ अधिक होने पर प्रतिबंध के समय सुबह 9:00 से रात 10:00 बजे में परिवर्तन भी संभव है। उन्होंने बताया कि गैर कानूनी ढंग से रोड पर पार्किंग वाहनों को गुरुवार से विशेष अभियान चला कर उठाया जायेगा। ऐसे व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को चिन्हित किया जाएगा, जहां पार्किंग स्थलों का प्रयोग अन्य कार्यों में किया जा रहा है। डॉ नरसिंह राम/ईएमएस/10/10/2024