लंदन (ईएमएस)। यदि आप ओस्लो, नॉर्वे में हेयरकट करवाने का विचार करते हैं, तो आपको इसके लिए करीब 5,530 रुपये खर्च करने होंगे। दरअसल, नॉर्वे के ओस्लो में हेयरकट की औसत कीमत 64.50 डॉलर यानी लगभग 5,530 रुपये होती है, जो कि दुनिया भर के सबसे महंगे हेयरकट्स में से एक है। एक रिपोर्ट के अनुसार, नॉर्वे इस सूची में सबसे ऊपर है, भारत में हेयरकट की लागत बहुत कम है। नई दिल्ली में एक अच्छे सैलून में आपको हेयरकट के लिए मात्र 5.29 डॉलर यानी लगभग 454 रुपये ही खर्च करने पड़ते हैं। अगर आप अधिक सस्ते में बाल कटवाना चाहें तो सड़कों या खुले स्थानों पर बाल कटवाने के लिए कीमत 50 रुपये तक जा सकती है, लेकिन यहां हम अच्छे सैलून में बाल कटवाने की बात कर रहे हैं। इसके बाद सबसे महंगे हेयरकट वाले देशों में जापान का नाम आता है, जहां एक हेयरकट की कीमत 56 डॉलर तक होती है। इसके अलावा डेनमार्क, स्वीडन, ऑस्ट्रेलिया, अमेरिका और स्विट्जरलैंड जैसे देशों में भी हेयरकट की कीमत 40 डॉलर से अधिक होती है। फ्रांस, साउथ कोरिया, इंग्लैंड, जर्मनी, ऑस्ट्रिया और फिनलैंड में हेयरकट की लागत 30 डॉलर से अधिक है। वहीं, आयरलैंड, चेक गणराज्य, कनाडा, पोलैंड, पुर्तगाल, इटली, स्पेन और सऊदी अरब जैसे देशों में हेयरकट की लागत 20 डॉलर से अधिक होती है। दूसरी ओर, साउथ अफ्रीका, रूस, चिली, ग्रीस, बेलारूस, हंगरी, कजाकस्तान, यूक्रेन, कोलंबिया, मेक्सिको, वियतनाम, ब्राजील और अल्जीरिया में हेयरकट की कीमत 5 डॉलर से अधिक नहीं होती है। पाकिस्तान, अर्जेंटीना, नाइजीरिया और जांबिया जैसे देशों में हेयरकट की लागत भारत से भी कम है। पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में एक अच्छे सैलून में हेयरकट करवाने के लिए आपको केवल 4.44 डॉलर (करीब 370 रुपये) खर्च करने होंगे। वहीं, अर्जेंटीना में यह काम सिर्फ 3.15 डॉलर (करीब 260 रुपये) में हो जाएगा। नाइजीरिया और जांबिया में भी हेयरकट की कीमत काफी सस्ती है, जहां यह 1.83 डॉलर और 1.65 डॉलर में उपलब्ध है। सुदामा/ईएमएस 11 जनवरी 2025