खेल
12-Mar-2025
...


मसूरी (ईएमएस)। भारतीय क्रिकेट टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत की बहन साक्षी पंत की शादी में यहां पूर्व कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी सहित कई क्रिकेट खिलाड़ी पहुंचे। इस दौरान धोनी और सुरेश रैना ने जमकर डांस किया। इसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया में आया है। ऋषभ की बहन की पिछले साल सगाई हुई थी। ऋषभ चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का फाइनल जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा थे और वह सोमवार को ही भारत पहुंचे थे। इसके बाद वह परिवार के सदस्यों के साथ शादी समारोह में शामिल हुए। वहीं धोनी भी ऋषभ को काफी पसंद करते हैं। इसी कारण वह अपनी पत्नी के साथ मंगलवार को ही देहरादून पहुंचे थे। धोनी इससे पहले जनवरी 2024 में लंदन में हुए सगाई समारोह में भी शामिल हुए थे। इसके अलावा भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा और बल्लेबाजी सुपरस्टार विराट कोहली के भी शादी समारोह में शामिल होने की संभावना है। ऋषभ की बहन साक्षी की शादी कारोबारी अंकित चौधरी से हो रही है। शादी समारोह में देहरादून जाने से पहले धोनी ने चेन्नई में सीएसके कैंप में हिस्सा लिया और आईपीएल 2025 के लिए अपनी तैयारियां शुरू कीं। वहीं ऋषभ आईपीएल 2025 में लखनऊ सुपर जायंट्स की कप्तानी करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। उन्हें जनवरी में लखनऊ स्थित फ्रेंचाइजी का नया कप्तान बनाया गया था। गिरजा/ईएमएस 12 मार्च 2025