राष्ट्रीय
19-Mar-2025
...


-रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने विलियम्स और अंतरिक्ष यात्रियों की तारीफ की नई दिल्ली,(ईएमएस)। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स और उनके साथी सदस्यों की अंतरिक्ष में असाधारण उपलब्धियों के लिए तारीफ की। रक्षा मंत्री ने बुधवार को सोशल मीडिया एक्स पर खुशी जाहिर करते हुए लिखा कि नासा के क्रू-9 की पृथ्वी पर सुरक्षित वापसी से खुश हूं। भारत की बेटी सुनीता विलियम्स और अन्य अंतरिक्ष यात्री दल ने अंतरिक्ष में मानव धीरज और दृढ़ता के इतिहास को फिर से लिख दिया है। उन्होंने कहा कि सुनीता विलियम्स की अविश्वसनीय यात्रा, अटूट समर्पण, दृढ़ता और संघर्ष की भावना पूरी दुनिया में लाखों लोगों को प्रेरित करेगी। उनकी सुरक्षित वापसी अंतरिक्ष प्रेमियों और पूरी दुनिया के लिए जश्न का क्षण है। उनकी हिम्मत और उपलब्धियां हम सभी को गौरवान्वित करती हैं। उन्हें सुरक्षित रूप से धरती पर वापस लाने के लिए सभी हितधारकों को बधाई और धन्यवाद। सुनीता विलियम्स नासा के बुच विल्मोर, नासा के निक हेग और रूसी अंतरिक्ष यात्री अलेक्जेंडर गोरबुनोव के साथ मंगलवार शाम को धरती पर लौट आए। 8 दिनों के छोटा मिशन पर गए थे लेकिन यह नौ महीने के प्रवास में बदल गया। वे स्पेसएक्स ड्रैगन अंतरिक्ष यान पर सवार होकर लौटे जो फ्लोरिडा के तट पर उतरा। जैसा कि नासा ने घोषणा की थी, रिकवरी ऑपरेशन सफलतापूर्वक किया गया, जिसमें अंतरिक्ष यात्रियों को कैप्सूल से बाहर निकाला गया। बता दें हेग सबसे पहले बाहर निकले, उसके बाद विलियम्स तीसरे नंबर पर बाहर आईं। तीनों अंतरिक्ष यात्रियों ने मुस्कुराते हुए हाथ हिलाया, जिससे अंतरिक्ष में उनके लंबे प्रवास का अंत हो गया। विलियम्स और विल्मोर ने 6 जून, 2024 को बोइंग के स्टारलाइनर अंतरिक्ष यान में सवार होकर आईएसएस के लिए शुरुआत की। हालांकि, अंतरिक्ष यान में खराबी के बाद, वे फंस गए थे। सिराज/ईएमएस 19मार्च25