भोपाल(ईएमएस)। खजूरी सड़क स्थित एवर ग्रीन मैरिज गार्डन में आयोजित बर्थडे पार्टी में शामिल होने आई एक महिला का नैकलेस चोरी हो गया। घटना करीब चार महीने पुरानी है, जिसमें अब जाकर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। घटना उस समय हुई जब महिला अपने परिचितों के साथ पार्टी में डीजे पर डांस कर रही थी। थाना पुलिस के अनुसार गांधी नगर थाना क्षेत्र स्थित इंद्र विहार कॉलोनी में रहने वाली अंजु करसाली पति धर्मदास करसाली (52) ने लिखित शिकायत करते हुए बताया की वह हॉउस वाइफ है। उनके पति धर्मदास एमपीईबी में नौकरी करते हैं। उनकी बेटी हर्षिता करसाली महाराष्ट के जलगांव में रहती है। बीते दिनो बेटी हर्षिता माता-पिता के पास आई हुई थी। 8 नवंबर, 2024 को अंजु अपने परिवार सहित खजूरी सड़क स्थित एवर ग्रीन मैरिज गार्डन में आयोजित एक रिश्तेदार की बर्थडे पार्टी में शामिल होने गई थी। पार्टी में डीजे पर अन्य लोगो के साथ बेटी हर्षिता करसाली डांस कर रही थी, इसी दौरान हर्षिता के गले से नैकलेस चोरी हो गया। परिवार वाले शिकायत करने पहले गांधी नगर फिर खजूरी सड़क थाना पुलिस के पास पहुंचे थे। लेकिन, सीमा विवाद को लेकर थाना पुलिस जांच में टाल मटोल करती रही। परेशान पीड़ित परिवार ने अफसरों से कई बार शिकायत की। जिसके बाद अब जाकर पुलिस ने प्रकरण दर्ज किया है। अभी भी पुलिस चोरी गए नैकलेस की कीमत नहीं बता पा रही है। जॉच में जुटी टीम कार्यक्रम में आने-जाने वाले लोगों के संबंध में सीसीटीवी कैमरे की मदद से जानकारी जुटा रही है। जुनेद / 21 मार्च