वाराणसी (ईएमएस) । आकाशवाणी वाराणसी के तत्वावधान में मंगलवार को भारत रत्न डॉ भीमराव आंबेडकर की जयंती पर समारोह एवं परिसंवाद का आयोजन महमूरगंज स्थित स्टूडियो सभागार में किया गया। इस अवसर पर बाबा साहब के सामाजिक आर्थिक और संवैधानिक चिंतन विषय पर आमंत्रित विशेषज्ञों ने महत्वपूर्ण विचार व्यक्त किये। समारोह के आरम्भ में अतिथियों और आकाशवाणी के अधिकारियों -कर्मचारियों ने बाबा साहब के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर उनके प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की | परिसंवाद के आरम्भ में स्वागत सम्बोधन में आकाशवाणी दूरदर्शन वाराणसी के कार्यक्रम प्रमुख राजेश कुमार गौतम ने कहा कि आज के समय में बाबा साहब के विचार अत्यंत प्रासंगिक और प्रेरक हैं।बाबा साहेब के संदेशों को अपने जीवन में उतारने की आवश्यकता है | आमंत्रित अतिथि वक्ताओं प्रो. प्रतिमा गौंड , प्रो अनिल चौधरी और प्रो मुकेश मालवीय ने अपने सम्बोधनों में बाबा साहब के जीवन और कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डाला | वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा , संगठन और संघर्ष सम्बन्धी बाबा साहब के मूल मन्त्र सामाजिक न्याय की दिशा में महत्वपूर्ण तत्व हैं | इधर बी एच यू में अम्बेडकर जयंती के उपलक्ष्य में ब्लड डोनेशन कैंप, संगोष्ठी एवं कवि सम्मलेन का आयोजन किया गया। बी एच यू के स्वतंत्रता भवन में आयोजित संगोष्ठी में डॉ एस एन शंखवार, प्रोफ. एस के भारतीय, प्रोफ बी राम एवं एस के राव नें विचार व्यक्त किया और कहा कि डॉ अम्बेडकर का जीवन संघर्ष करोड़ों वंचितों, शोषितों एवं पिछड़ो के लिए मानवाधिकारों का संघर्ष था। बाबा साहेब के 134 जयंती के उपलक्ष्यमें डॉ बी आर अम्बेडकर जन जागरण एवं उत्थान समिति द्वारा प्रभात फेरी एवं जुलुस निकाला गया। डॉ नरसिंह राम /15अप्रैल2025