कई नये खिलाड़ियों को भी शामिल किया गया मुम्बई (ईएमएस)। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने साल 2024-25 के लिए केन्द्रीय अनुबंध की घोषणा कर दी है। इसमें 34 खिलाड़ियों को रखा गया है। श्रेयस अय्यर और ईशान किशन की वापसी हुई है जबकि विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत को प्रमोट किया गया है। अय्यर और ईशान को पिछले साल केन्द्रीय अनुबंध से बाहर कर दिया गया था। इसके बाद श्रेयस ने काफी अच्छा प्रदर्शन कर टीम में वापसी की जिससे बाद से ही उन्हें अनुबंध मिलना तय माना जा रहा था। वहीं ईशान की अब तक टीम इंडिया में वापसी नहीं हुई है और घरेलू स्तर पर भी उनका प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा है, ऐसे में उनको अनुबंध मिलना हैरानी की बात है। बीसीसीआई के अनुसार टीम के कप्तान रोहित शर्मा के अलावा अनुभवी बल्लेबाज विराट कोहली, तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और रविंद्र जडेजा सबसे ऊपर ए प्ल्स ग्रेड में बने रहेंगे। श्रेयस को ग्रेड बी और ईशान को ग्रेड सी में रखा गया है। वहीं विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत को को लाभ हुआ है और वह बी से ग्रेड ए में प्रोमोट हुए हैं। ऋषभ ने वापसी के बाद काफी अच्छा प्रदर्शन किया है। चैम्पियंस ट्रॉफी में भी उन्होंने प्रभावित किया था। इसके अलावा वरुण चक्रवर्ती, अभिषेक शर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी, हर्षित राणा, सरफराज खान और ध्रुव जुरेल जैसे नए खिलाड़ियों को भी अनुबंध में शामिल किया गया है। ग्रेड ए प्लस : रोहित शर्मा, विराट कोहली, जसप्रीत बुमराह, रविंद्र जडेजा ग्रेड ए : मोहम्मद सिराज, केएल राहुल, शुभमन गिल, हार्दिक पंड्या, मोहम्मद शमी, ऋषभ पंत ग्रेड बी : सूर्यकुमार यादव, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, यशस्वी जयसवाल, श्रेयस अय्यर ग्रेड सी : रिंकू सिंह, तिलक वर्मा, ऋतुराज गायकवाड़, शिवम दुबे, रवि बिश्नोई, वॉशिंगटन सुंदर, मुकेश कुमार, संजू सैमसन, अर्शदीप सिंह, प्रसीद कृष्ण, रजत पाटीदार, ध्रुव जुरेल, सरफराज खान, नितीश कुमार रेड्डी। इशान किशन, अभिषेक शर्मा, आकाश दीप, वरुण चक्रवर्ती और हर्षित राणा वेतन : ग्रेड ए प्लस में 7 करोड़ रुपए जबकि ग्रेड ए में 5 करोड़ रुपए और ग्रेड बी में 3 करोड़ रुपए व ग्रेड सी में एक करोड़ रुपए दिये जाते हैं। गिरजा/ईएमएस 21 अप्रैल 2025