इस्लामाबाद (ईएमएस)। पाकिस्तानी अभिनेत्री हानिया आमिर, जो पूरे दक्षिण एशिया में, विशेष रूप से भारत में, बड़ी फैन फॉलोइंग रखती हैं, इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का केंद्र बन गई हैं। हाल ही में भारतीय सरकार द्वारा पहलगाम हमले के बाद हानिया के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट को ब्लॉक कर दिया गया, जिसके बाद उनकी ऑनलाइन गतिविधियों में अचानक बदलाव देखा गया। हानिया आमिर के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर पहले उनकी पोस्ट्स पर 9.5 लाख से ज्यादा लाइक्स और हजारों कमेंट्स आते थे। लेकिन अकाउंट ब्लॉक होने के बाद, उनकी पोस्ट्स पर लाइक्स की संख्या गिरकर 85 हजार के करीब रह गई। इसे भारतीय दर्शकों की कमी का परिणाम माना जा रहा है। जल्द ही ‘naaamtousunahogaa’ नाम से एक नया अकाउंट सामने आया, जो भारतीय यूजर्स के लिए दिखाई दे रहा था। दिलचस्प बात यह है कि इस अकाउंट को हानिया के आधिकारिक हैंडल ने भी फॉलो किया था, जिससे अटकलें लगाई जाने लगीं कि यह अकाउंट भारतीय प्रशंसकों के लिए विशेष रूप से बनाया गया है। जहां कुछ प्रशंसकों ने इस कदम को हानिया की ओर से अपने भारतीय फैंस से जुड़े रहने का स्मार्ट तरीका कहा, वहीं कुछ लोगों ने उन्हें भारतीय ध्यान पाने के लिए बेताब और आत्मसम्मान की कमी का आरोप लगाया। इस मामले पर बढ़ती अटकलों के बीच हानिया की टीम ने एक आधिकारिक बयान जारी कर कहा कि उनका निजी अकाउंट इंस्टाग्राम द्वारा हटा दिया गया था, इसलिए उन्होंने एक नया अकाउंट बनाया। यह भारतीय प्रशंसकों के लिए नहीं था और इसे अभी तक प्राइवेट भी नहीं किया गया था। टीम ने यह भी साफ किया कि हानिया भारतीय दर्शकों से जुड़ने या भारत में काम पाने की कोशिश नहीं कर रही हैं। बैन के बावजूद, हानिया के भारतीय प्रशंसक अभी भी उनसे जुड़े रहने का तरीका खोज रहे हैं। कई प्रशंसक वीपीएन का इस्तेमाल कर उनकी पोस्ट्स देख रहे हैं। एक फैन ने कमेंट किया, मैंने आपके लिए वीपीएन लिया है, जिस पर हानिया ने प्यार भरे अंदाज में जवाब दिया, रो दूंगी।