नई दिल्ली (ईएमएस)। भारतीय टीम के पूर्व गेंदबाज मदन लाल ने कहा कि रोहित शर्मा के टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद अब तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को अगला कप्तान बनाया जाना चाहिये। मदन लाल ने कहा, बुमराह को अनुभवी होने के कारण सबसे पहले अवार मिलना चाहिए। डेब्यू के बाद से ही वह लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। वह टीम के स्थायी सदस्य हैं। वहीं शुभमन गिल जैसे युवा खिलाड़ी को उप-कप्तान बनाया जा सकता है। मदन लाल ने कहा कि बुमराह ने अब तक तीन टेस्ट मैचों में भारत की कप्तानी भी की है। इसके अलावा वह उपकप्तान भी रहे हैं। ऐसे में उन्हें अनुभवी होने के कारण कप्तानी दिया जाना अच्छा रहेगा। वह टीम के स्थाई सदस्य भी है। बुमराह ने साल 2022 में इंग्लैंड के खिलाफ पांचवें टेस्ट में कप्तानी की थी हालांकि इसमें भारतीय टीम को हार का सामना करना पड़ा था। वहीं उनकी कप्तानी में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के पहले टेस्ट में भारतीय टीम ने बड़ी जीत दर्ज की थी। अंतिम टेस्ट में भी उन्हें कप्तानी दी गयी थी पर उस मैच में टीम को हार का सामना करना पड़ा था। जहां मदनलाल बुमराह को कप्तान बनाये जाने के पक्ष में हैं। वहीं कई पूर्व दिग्गजों का मानना है कि बुमराह कई बार चोटिल होने के कारण बाहर होते रहते हैं। ऐसे में उन्हें कप्तान देना ठीक नहीं है। इससे उनपर गैर जरुरी बोझ पड़ेगा। कप्तानी उस खिलाड़ी को दी जानी चाहिये जो लगातार खेल सके। गिरजा/ईएमएस 09मई 2025