राज्य
10-May-2025
...


धमतरी(ईएमएस)। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिला अस्पताल में गर्भवती महिलाओं को सोनोग्राफी के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा। सुबह 9 बजे का समय मिलने के बावजूद अस्पताल प्रशासन की लापरवाही के चलते डॉक्टर के समय पर न आने से मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। अस्पताल में गर्भवती महिलाओं को पर्ची पर टेबल नंबर और समय तो दिया गया था, लेकिन डॉक्टर की अनुपस्थिति के कारण मरीजों को घंटों इंतजार करना पड़ा। महिला मरीजों ने बताया कि वे पर्ची पर लिखे समय पर अस्पताल पहुंच गईं, लेकिन डॉक्टर की प्रतीक्षा करते-करते समय निकल गया। इसके बाद जब अधिकारियों से पूछताछ की गई, तो जानकारी मिली कि डॉक्टर इमरजेंसी केस के लिए गए थे, लेकिन यह जानकारी समय पर मरीजों को नहीं दी गई। सोनोग्राफी के लिए महिलाओं की संख्या बढ़ने के कारण अस्पताल में भीड़ लग गई, लेकिन डॉक्टर के न पहुंचने से मरीजों को काफी परेशानी हुई। दोपहर 11 बजे तक भी डॉक्टर नहीं पहुंचे, और अंत में कई गर्भवती महिलाएं घर लौटने को मजबूर हो गईं। इस घटना की सूचना नगर निगम आयुक्त प्रिया गोयल को मिलने पर, उन्होंने तत्काल जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। परिजनों ने बताया कि वे दूर-दूर से अस्पताल पहुंचे थे, लेकिन डॉक्टर की अनुपस्थिति ने उनके लिए असुविधा पैदा की। निगम आयुक्त प्रिया गोयल ने बताया कि सोनोग्राफी डॉक्टर छुट्टी पर थे, और अस्पताल में जल्द ही दूसरे डॉक्टर की व्यवस्था की जाएगी, ताकि भविष्य में ऐसी कोई समस्या न हो।