जिला भाजपाध्यक्ष पुरूषोत्तम देवांगन सहित विजेन्द्र सिंह और प्र्रेमलाल साहू व पार्षद रही मौजूद दुर्ग/ भिलाई (ईएमएस)। भलाई-चरोदा नगर निगम क्षेत्र के वार्ड 22 में मिनी स्टेडियम निर्माण के लिए विधायक डोमन लाल कोर्सेवाड़ा ने सोमवार को भूमिपूजन किया। इस दौरान नगर निगम के आयुक्त सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारियों की गैर मौजूदगी चर्चा का विषय बन पड़ी है। यहां तक की महापौर निर्मल कोसरे और सभापति कृष्णा चंद्राकर की भी मौजूदगी नहीं दिखी। निगम के माध्यम से होने वाले विकास कार्य का भूमिपूजन कार्यक्रम कुल मिलाकर नेता प्रतिपक्ष राम खिलावन वर्मा सहित भाजपा के पार्षद और संगठन से जुड़े पदाधिकारियों तक सिमटी रही। चरोदा भाठापारा के वार्ड क्रमांक 22 में 1 करोड़ 48 लाख 28 हजार रुपए की लागत से मिनी स्टेडियम का निर्माण होना है। इसकी घोषणा कुछ माह पहले उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने इसी वार्ड में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान की थी। विभागीय मंत्री की घोषणा के अनुरूप निगम को राशि प्राप्त होने पर निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। सोमवार को क्षेत्रीय विधायक डोमन लाल कोर्सेवाड़ा ने वार्ड 22 में मिनी स्टेडियम निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। खासकर रही कि इस आयोजन में भाजपा के जनप्रतिनिधियों को छोड़ नगर निगम के अन्य जनप्रतिनिधि नदारद रहे। यहां पर यह बताना लाजिमी होगा कि मिनी स्टेडियम का निर्माण नगर निगम के माध्यम से होना है। ऐसे में इसके लिए होने वाले भूमिपूजन कार्यक्रम में नगर निगम के प्रमुख जनप्रतिनिधियों और जिम्मेदार अधिकारियों की प्रत्यक्ष सहभागिता सुनिश्चित रहनी थी। प्रोटोकॉल के तहत विधायक के मुख्य आतिथ्य में भूमिपूजन कराया जाना सही है। भूमिपूजन कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में भिलाई जि़ला भाजपा अध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन, महामंत्रीद्वय बिजेंद्र सिंह, प्रेमलाल साहू, मंत्री विजय जैसवाल तथा वार्ड पार्षद श्रीमती निशा राजेश यादव उपस्थित रहीं। विधायक डोमन लाल कोर्सेवाड़ा ने भूमिपूजन उपरांत कहा कि 1 करोड़ 48 लाख 28 हजार रुपये की लागत से बनने वाला यह मिनी स्टेडियम क्षेत्रीय युवाओं और खेल प्रतिभाओं को एक नई दिशा देगा और स्वस्थ समाज की ओर कदम बढ़ाएगा। कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता केके खेलवार, अग्रलाल जोशी, निगम में नेता प्रतिपक्ष राम खिलावन वर्मा, भाजपा महिला मोर्चा चरोदा मंडल की श्रीमती पूर्णिमा ठाकुर, बजरंग दल के संजय ठाकुर, पार्षद संजय यादव, सत्य प्रकाश शर्मा, श्रीमती नंदिनी जांगड़े, अपर्णा सुब्रता दास, श्रीमती शोभा रानी, वेंकट राव, उपनेता चंद्रप्रकाश पांडेय, डॉ पार्वती कुर्रे सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे। ईएमएस / 13 मई 2025