क्षेत्रीय
09-Jun-2025


खूंटी(ईएमएस)।जिले की उपायुक्त आर.रॉनिता, पुलिस अधीक्षक मनीष टोप्पो, डीडीसी और एसडीओ समेत अन्य पदाधिकारियों ने उलिहातु बिरसा ओड़ा पहुंचकर भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।इधर खूंटी के कचहरी मैदान स्थित बिरसा पार्क में 9 जून को बिरसाइतों और झारखंड आंदोलनकारी संगठन के लोगों ने भगवान बिरसा मुंडा की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।सफेद वस्त्रधारी बिरसाईतों ने बिरसा पार्क पहुंचकर बिरसा धर्म के मुताबिक पूजा अर्चना की और पारंपरिक तरीके से बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर जल का छिड़काव करते हुए विधि विधान के साथ माल्यार्पण भी किया। खूंटी, तोरपा, तपकरा, रानियां, पश्चिमी सिंहभूम के बंदगांव और अन्य इलाकों से बड़ी संख्या में बिरसाइत खूंटी पहुंचे थे। 9 जून, 9 जनवरी और 15 नवंबर को बिरसाइत उपवास करते हैं और बिरसा धर्म मुताबिक पारंपरिक तरीके से भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर जल का छिड़काव करते हैं। बिरसाइत सादा जीवन जीते हैं, मांस, मदिरा का सेवन नहीं करते तथा अन्य नशीले पदार्थों से भी दूर रहते हैं। अहिंसा के पथ पर चलने वाले भगवान बिरसा मुंडा के अनुयायी प्रत्येक वर्ष खूंटी, उलिहातु और डोम्बारी पहुंचकर श्रद्धा सुमन अर्पित करते हैं। भगवान बिरसा मुंडा की पुण्यतिथि के मौके पर बिरसाईतों और झारखंड क्रांतिकारी संगठन के लोगों ने बिरसा पार्क में भगवान बिरसा मुंडा अमर रहे अमर रहे के नारे भी लगाए।बिरसाइत दीना मुंडा ने भगवान बिरसा मुंडा की संघर्ष गाथा का जिक्र किया और बताया कि किस तरह भगवान बिरसा मुंडा जल जंगल जमीन की रक्षा के लिए लड़ाई की तथा धर्म की रक्षा और देशवासियों की रक्षा के लिए लड़ाई लड़ी। युवा बिरसाइत पालो कोनगाड़ी ने बताया कि वर्तमान समय में कई बिरसाइत बेहतर शिक्षा के माध्यम से स्नातक तक की पढ़ाई पूरी कर चुके हैं लेकिन बिरसाईतों तक सरकार की योजनाओं का लाभ नहीं पहुंचता है। पालो ने सरकार से उम्मीद जताई है कि शिक्षित बिरसाइतों को सरकार योजनाओं का लाभ दिलाएगी। कर्मवीर सिंह/09जून/25