राष्ट्रीय
12-Jun-2025
...


उप्र-बिहार में लू से 5 की मौत; मप्र के 12 जिलों में हीटवेव का अलर्ट नई दिल्ली( ईएमएस)। देश में बुधवार को राजस्थान का श्रीगंगानगर सबसे गर्म शहर रहा। यहां सीजन का सबसे ज्यादा 48 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ। 6 साल पहले 2019 में शहर का तापमान 49 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। मौसम विभाग ने राजस्थान के 13 जिलों में भीषण गर्मी की चेतावनी दी है। बिहार के शिवहर में बुधवार को घर की मरम्मत कर रहे एक युवक की लू लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान रवि राम (30 साल) के रूप में हुई है। मौसम विभाग ने राज्य के सभी जिलों में हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। तापमान भी 1-2 डिग्री बढ़ सकता है। यूपी के अधिकतर जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार है। बीते 24 घंटे में लू (हीटस्ट्रोक) से 4 लोगों की मौत हुई है। आज भी प्रदेश के कई जिलों में हीटवेव की चेतावनी है। मध्य प्रदेश में गुरुवार को लगातार छठे दिन भीषण गर्मी का असर रहेगा। ग्वालियर, चंबल-सागर संभाग के 12 जिलों में लू चलने की संभावना है। इधर, दिल्ली में पारा 45 डिग्री सेल्सियस पहुंचने के कारण रेड अलर्ट है। बुधवार को दिल्ली का आया नगर 45.0 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रहा। मौसम विभाग ने गुरुवार को जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश में गर्मी का अलर्ट जारी किया है।