:: मंत्री सिलावट ने केंद्रीय मंत्री यादव का जताया आभार :: नई दिल्ली/इंदौर (ईएमएस)। मध्य प्रदेश के जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव से मुलाकात की। सिलावट ने केंद्रीय मंत्री को प्रदेश की आठ महत्वपूर्ण सिंचाई परियोजनाओं की वन एवं पर्यावरण स्वीकृति के लिए एक पत्र भेंट किया, जिस पर केंद्रीय मंत्री ने त्वरित सहमति देते हुए अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। मंत्री सिलावट ने इस सहयोग के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री यादव का हृदय से धन्यवाद दिया। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कृषि को लाभ का व्यवसाय बनाने के सपने को साकार करने के लिए मध्य प्रदेश जल संसाधन विभाग प्रतिबद्ध है और हर किसान के खेत तक सिंचाई सुविधा पहुँचाने के लिए प्रयासरत है। :: स्वीकृत की गई प्रमुख परियोजनाएं :: केंद्र से वन एवं पर्यावरण संबंधी सहमति प्राप्त करने वाली मध्य प्रदेश की सिंचाई परियोजनाओं में निम्नलिखित शामिल हैं: - मां रतनगढ़ बहुउद्देशीय परियोजना (डबरा, दतिया) - लोअर और वृहत परियोजना (अशोक नगर एवं शिवपुरी) - चेंटीखेड़ी परियोजना (श्योपुर) - मुंझिरी वृहत परियोजना (शिवपुरी, श्योपुर) - कोपरा मध्यम सिंचाई परियोजना (सागर) - छिंदवाड़ा कॉम्प्लेक्स बैलेंसिंग रिजर्वॉयर (छिंदवाड़ा) - सोनखेड़ी लघु सिंचाई परियोजना (बड़वानी) - दाममखेड़ा लघु सिंचाई योजना (खरगोन) इन परियोजनाओं को मिली स्वीकृति से प्रदेश के कृषि क्षेत्र को बड़ा बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। प्रकाश/17 जुलाई 2025