सांगली, (ईएमएस)। एक ही परिवार के चार सदस्यों द्वारा आत्महत्या का प्रयास का सनसनीखेज मामला महाराष्ट्र के सांगली जिले के कवठेमहांकल तालुका के नांगोल में सामने आया है। इसमें सास और बहू की मौत हो गई है। जबकि पिता और पुत्र की हालत गंभीर है। मृतकों के नाम रमेजा अलाउद्दीन पाटिल (45) और काजल समीर पाटिल (30) हैं। जबकि पिता और पुत्र अलाउद्दीन पाटिल और समीर अलाउद्दीन पाटिल की हालत गंभीर है। प्राप्त जानकारी के अनुसार नांगोल गाँव में लंगरपेठ-ढालगाँव मार्ग के किनारे पाटिल बस्ती में पाटिल परिवार का घर है। अलाउद्दीन पाटिल अपनी पत्नी, बेटे समीर, बहू और पोते-पोतियों के साथ रहते थे। कल सुबह पाटिल परिवार की एक बुजुर्ग महिला ने घर में चार लोगों को बेहोश पड़ा देखा। यह देखकर महिला चीख पड़ी। बुजुर्ग महिला की चीख सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। इसके बाद चारों को कवठेमहांकल उपजिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि, सास और बहू रमेजा अलाउद्दीन पाटिल और काजल समीर पाटिल की इलाज से पहले ही मौत हो गई। जबकि पिता और पुत्र अलाउद्दीन पाटिल और समीर पाटिल, जिनकी हालत गंभीर थी, को इलाज के लिए मिरज के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पाटिल परिवार के घर का निरीक्षण किया और पंचनामा किया। परिवार के सभी सदस्यों ने एक साथ इतना बड़ा कदम क्यों उठाया? यह अभी स्पष्ट नहीं है। यह आत्महत्या है या दुर्घटना, पुलिस जांच कर रही है। वहीं इस घटना से कवठेमहांकल तालुका में हड़कंप मचा है। संतोष झा- १९ जुलाई/२०२५/ईएमएस