- ग्रामीणों ने शोर मचाया और मदद की कोशिश की, लेकिन महिला को बचा नहीं सके बहराइच (ईएमएस)। उत्तर प्रदेश के कतर्नियाघाट वन क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत चहलवा के निषादनगर गांव में एक दर्दनाक हादसे में 55 वर्षीय महिला की जान चली गई। महिला गांव के पास स्थित सरयू नहर के किनारे मवेशी चरा रही थी, तभी झाड़ियों में छिपे एक विशालकाय मगरमच्छ ने अचानक हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मगरमच्छ ने महिला पर पीछे से झपट्टा मारा, जिससे वह ज़मीन पर गिर गई। इसके बाद मगरमच्छ ने उसे पानी में घसीट लिया। ग्रामीणों ने शोर मचाया और मदद की कोशिश की, लेकिन मगरमच्छ की ताकत अधिक होने के कारण कोई उसे छुड़ा नहीं सका। बताया जा रहा है कि मगरमच्छ ने महिला को करीब 500 मीटर तक पानी में खींचा। ग्रामीणों के अनुसार महिला तंदुरुस्त थी, इसलिए मगरमच्छ उसे तुरंत खा नहीं पा रहा था, और लगातार पानी में घसीटता रहा। जब तक वन विभाग से जाल मंगवाया गया, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। अंततः महिला का शव बरामद कर लिया गया, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। घटना के बाद गांव में ग्रामीण भयभीत हैं। इस इलाके में अक्सर मवेशी चराने जाया जाता है, और ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने अपनी आंखों के सामने ऐसा भयानक दृश्य पहली बार देखा है। वन विभाग के आंकड़ों के अनुसार उत्तर प्रदेश में वर्ष 2017 की गणना के अनुसार 1929 मगरमच्छ हैं, जिनमें से 111 कतर्नियाघाट के बफर ज़ोन में हैं और 55 मगरमच्छ कतर्निया क्षेत्र के पास रहते हैं। हर साल 1 से 3 लोगों की मगरमच्छ हमलों में मौत होती है। इस हादसे ने वन विभाग और प्रशासन की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बढ़ाने की मांग की है। सतीश मोरे/19जुलाई ---