ट्रेंडिंग
19-Jul-2025
...


नई दिल्ली,(ईएमएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारत-पाकिस्तान के बीच फिर मध्यस्थता का दावा किया गया है। राष्ट्रपति ट्रंप ने दावा किया की इस टकराव में पांच लड़ाकू विमान गिराए गए हैं। हालांकि उन्होंने अपने दावे में किस देश के कितने विमान गिराए गए हैं। इसके बारे में कुछ भी नहीं बताया है। ट्रंप के दावे के बाद अब भारत में सियासत शुरु हो गई है। कांग्रेस ने फिर से इस बारे में पीएम मोदी से संसद में स्पष्टीकरण की मांग कर दी है। ट्रंप के दावे के बाद कांग्रेस ने सवाल पूछा कि व्यापार के लिए राष्ट्र के सम्मान के साथ क्यों समझौता किया गया। वहीं कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने पीएम मोदी से मुद्दे पर संसद के मानसून सत्र में स्पष्टीकरण की मांग की है। कांग्रेस नेता रमेश ने पोस्ट किया, संसद के मानसून सत्र की शुरुआत से ठीक दो दिन पहले, ट्रंप मिसाइल 24वीं बार दागी गई और हर बार की तरह इस बार भी वही दावा किया गया है। कांग्रेस नेता रमेश ने ट्रंप के बयान का हवाला देकर कहा, अमेरिका ने भारत और पाकिस्तान, दो परमाणु संपन्न देशों के बीच युद्ध रोक दिया। अगर युद्ध जारी रहता तब कोई व्यापार समझौता नहीं होता। यानी भारत और पाकिस्तान को अमेरिका के साथ व्यापारिक समझौते के लिए तत्काल संघर्षविराम करना पड़ा है। कांग्रेस नेता ने मांग की पीएम मोदी को संसद में स्वयं खड़े होकर ट्रंप द्वारा पिछले 70 दिनों से किए जा रहे दावों पर स्पष्ट एवं ठोस स्पष्टीकरण देना चाहिए। बात दें कि अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने बीते कुछ सप्ताह के दौरान कई बार दावा किया है कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच गत मई महीने में सैन्य संघर्ष को व्यापार समझौते के जरिए सुलझाया। दूसरी तरफ, भारत का कहना है कि पाकिस्तान के सैन्य अभियान महानिदेशक (डीजीएमओ) के संपर्क किए जाने के बाद सैन्य कार्रवाई रोकने पर विचार किया गया। आशीष दुबे / 19 जुलाई 2025