इन्दौर (ईएमएस) शहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने यातायात मुख्यालय का घेराव कर शहर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था और रोज लगने वाले जाम को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नाम ज्ञापन सौंपा । कार्यकर्ताओ ने शहर में बढ़ रहे यातायात दबाव को देखते में 10 नए यातायात थाने खोलने और पुलिस की यातायात इकाई में बल बढ़ाने की मांग भी की शहर कांग्रेस कमेटी के कार्यवाहक अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने कहा कि शहर की बदहाल यातायात व्यवस्था में जल्द से जल्द सुधार लाने के लिए 10 नए यातायात थाने खोलने के साथ 2000 से अधिक पुलिस बल की नियुक्ति शीघ्र की जाए। उन्होंने आरोप लगाते कहा कि जो बल है, वह भी यहां आने वाले वीआईपी की सेवा में लगा रहता है। कांग्रेस द्वारा दिए गए ज्ञापन में कहा कि इंदौर शहर हो या जिला, बिगड़ती यातायात व्यवस्था से जगह-जगह जाम लग जाता है। पिछले दिनों जाम में फंसकर 5 लोगों की मौत हो चुकी है। आम यात्री की तो बात छोड़िए, एम्बुलेंस और परीक्षा देने जा रहे विद्यार्थियों को भी निकलने को रास्ता नहीं मिला। जाम के कारण नौकरी पेशा लोग समय पर ड्यूटी पर नहीं पहुंच पाते हैं। ज्ञापन में आरोप लगाते हुए कहा कि यह भी देखने में आ रहा है कि व्यस्त मार्ग और विभिन्न चौराहों पर यातायात जवान भी मौजूद नहीं रहते हैं। और अगर रहते हैं तो चालानी कार्यवाही या मोबाइल देखने में व्यस्त रहते हैं। बॉम्बे-आगरा नेशनल हाईवे के साथ शहर में 2000 से अधिक तिराहे-चौराहे जैसे राजबाड़ा, रेलवे स्टेशन, बस स्टेंड, गोपुर चौराहा, पटेल स्टेच्यू, छावनी चौराहा, लसूड़िया चौराहा, मालवा मिल, पाटनीपुरा, बाणगंगा, मरीमाता, मल्हारगंज, मालगंज, टावर चौराहा, भंवरकुआ, तेजाजी नगर, नेमावर रोड, कालानी नगर, बड़ा गणपति, चंदन नगर, लाबरिया भेरू, यशवंत रोड, बॉम्बे हास्पिटल, विजय नगर, पिपलियाहाना, मूसाखेड़ी, रिंगरोड बायपास सुपर कॉरिडोर पर यातायात का दबाव दिन भर रहता है। जिससे आए दिन दुर्घटनाएं होती हैं। ज्ञापन में लिखा है कि फुटपाथों पर कब्जे के चलते लोगों का पैदल चलना दूभर हो गया है। इसका कारण अव्यवस्थित विकास है। आनन्द पुरोहित/ 20 जुलाई 2025