राष्ट्रीय
20-Jul-2025


नई दिल्ली(ईएमएस)। अफ्रीकी देश नाइजर के डोसो क्षेत्र में हुए जघन्य आतंकवादी हमले में दो भारतीयों की मौत हो गई है और एक का अपहरण कर लिया गया है। राजधानी नियामी में भारतीय मिशन दोनों मृतकों के शवों को वापस लाने और एक अपहृत भारतीय की सुरक्षित रिहाई सुनिश्चित करने के लिए स्थानीय प्राधिकारियों के साथ संपर्क में बना हुआ है। इसके अलावा मिशन की तरफ से नाइजर में रह रहे सभी भारतीयों को मौजूदा चिंताजनक सुरक्षा हालातों के बीच हमेशा सतर्क रहने की सलाह दी गई है। यह जानकारी मिशन ने अपनी एक एक्स पोस्ट के जरिए दी है। मिशन ने पोस्ट में बताया कि इस सप्ताह मंगलवार को आतंकी हमले की यह घटना हुई थी। जिसमें दो भारतीय नागरिक मारे गए और एक का अपहरण कर लिया गया है। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मिशन ने अपनी संवेदनाएं प्रकट की हैं। साथ ही ये दावा भी किया कि वह दोनों मृतकों के शवों को वापस लाने और आतंकियों द्वारा अपहरण किए गए एक भारतीय की सुरक्षित रिहाई सुनिश्चित करने के लिए स्थानीय प्राधिकारियों के संपर्क में है। नाइजर में रह रहे भारत के सभी नागरिकों को हरदम चौकन्ना रहने की सलाह भी मिशन द्वारा दी गई है। नाइजर में वर्ष 2023 में सेना द्वारा किए गए तत्कालीन सरकार के तख्तापलट के बाद से सुरक्षा संकट चरम पर जा पहुंचा था। बीते समय में अफ्रीका का यह देश जिहादी आतंकवाद का भी शिकार रहा है। जिसका संबंध अलकायदा और इस्लामिक स्टेट जैसे वैश्विक आतंकी समूहों से है। इनके सशस्त्र संघर्ष की जगहों में जून का महीना सबसे ज्यादा रक्तपात वाला नजर आ रहा है। जिसमें आईएस के लड़ाकों ने तिलाबेरी और डोसो क्षेत्र में एक बड़ा अभियान चलाकर 100 से ज्यादा लोगों को मार दिया। यह उनके ग्रामीण इलाकों में किए गए नरसंहार के साथ अपना दबदबा बढ़ाने की कोशिशों को दर्शाता है। वीरेंद्र/ईएमएस/20जुलाई2025