सिरमौर,(ईएमएस)। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में अनोखी शादी हुई है। यहां दो सगे भाइयों ने एक ही लड़की से एक साथ शादी रचाई है। दोनों शिक्षित परिवार से हैं। एक सरकारी नौकरी करता है तो दूसरा भाई विदेश में कमाता है। शिलाई क्षेत्र के थिंडो खानदान में कुन्हट गांव की रहने वाली लड़की के साथ 12 से 14 जुलाई के बीच दो सगे भाइयों ने विधिवत शादी रचाई। इस शादी में दूल्हा दुल्हन के परिजनों के साथ गांववाले धूमधाम से शामिल हुए। बहुपति प्रथा को हिमाचल प्रदेश में कानूनी मान्यता भी प्राप्त है। यहां के लोग इस प्रथा को अपनी सांस्कृतिक पहचान और पारिवारिक मजबूती का हिस्सा मानते हैं। गांव के बुजुर्गों का मानना है कि नई पीढ़ी इस परंपरा को भूल रही थी, लेकिन इस तरह की शादी से पुरानी रीति-रिवाजों को जीवित रखने की कोशिश की जा रही है। इस अनूठी प्रथा के बारे में यहां के लोगों का कहना है कि पहाड़ी समाज में पलायन रोकने और संयुक्त परिवार की भावना को मजबूत करने के लिए यह व्यवस्था आज भी प्रासंगिक है। इस परंपरा को आज भी हिमाचल का समाज सहजता से स्वीकार करता है। सिरमौर के इस ताजा मामले ने बहुपति प्रथा को एक बार फिर सुर्खियों में ला दिया है। बहुपति प्रथा हिमाचल के सिरमौर, किन्नौर और लाहौल-स्पीति जिलों में प्रचलित है, जिसे उजला पक्ष भी कहा जाता है। इस परंपरा के पीछे संयुक्त परिवार को बचाए रखने और संपत्ति के बंटवारे से बचने की सोच रहती है। यहां के लोगों का मानना है कि एक ही महिला से भाइयों का विवाह कराने से पारिवारिक संपत्ति बंटती नहीं है और परिवार भी एकजुट बना रहता है। यही कारण है कि यहां की स्थानीय आबादी इसे पारंपरिक व्यवस्था मानती है। वीरेंद्र/ईएमएस/20जुलाई2025