20-Jul-2025


नई दिल्ली (ईएमएस)। देश भर में मानसून के कारण अच्छी और झमाझम बरसात देखने को मिल रही है। मौसम विभाग की ओर से आज देश की राजधानी दिल्ली समेत कई मैदानी और पहाड़ी राज्यों में बारिश की संभावना जताई गई है। पूरे देश में इन दिनों मानसूनी बरसात हो रही है। देश के कई भागों में भारी बारिश के कारण जीवन अस्त व्यस्त हो गया है। देश भर में नदियां उफान मार रही हैं। देश की राजधानी में रुक-रुक कर बरसात हो रही है, लेकिन उमस ने यहां लोगों का बुरा हाल कर रखा है। मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार, रविवार 20 जुलाई दिल्ली में गरज के साथ अच्छी बारिश देखने को मिल सकती है। इतना ही नहीं देश की राजधानी में 25 तारीख तक बारिश का दौर जारी रह सकता है। बीते शनिवार को प्रदेश में अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतमम तापमान सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस कम रहा। ये 25.2 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया। वहीं रविवार राजधानी में अधिकतम 36 और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। उत्तर प्रदेश में मौसम ये यू-टर्न ले लिया है। आज पश्चिमी और पूर्वी यूपी में कुछ जगहों पर बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। पश्चिमी यूपी में कहीं-कहीं पर भारी बरसात देखने को मिल सकती है। आज सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मुरादाबाद और उसके आसपास के इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग की ओर से इसके लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। बिहार में फिर से मौसम करवट बदल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, आज पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शेखपुरा, मुजफ्फरपुर, मधेपुरा, दरभंगा, सुपौल, अररिया, पूर्णिया, किशनगंज, कटिहार, समस्तीपुर, बेगूसराय, औरंगाबाद, नालंदा, गया, नवादा, शेखपुरा, लखीसराय, मुंगेर, खगड़िया और सहरसा में हल्की से मध्यम बरसात देखने को मिल सकती है। बिहार के कई जिलों के लिए आज येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने बताया कि 22 से 26 जुलाई के बीच पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, सिक्किम में भारी बारिश का दौर रहने वाला है। वहीं इस मानसून राजस्थान में भारी से अत्यंत भारी बारिश देखने को मिली है। हालांकि आज राजस्थान में बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया गया है। तेलंगाना और तटीय आंध्र प्रदेश में झमाझम बारिश हो सकती है। तेलंगाना के कुछ भागों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। अजीत झा/ देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/20/ जुलाई /2025