20-Jul-2025
...


इंदौर (ईएमएस)। अभय प्रशाल में आयोजित पहली राज्य रैंकिंग टेबल टेनिस स्पर्धा में भोपाल के सौम्यदीप सरकार ने पुरुष वर्ग का खिताब अपने नाम किया, जबकि इंदौर की अनुषा कुटुम्बले महिला वर्ग में चैम्प‍ियन बनीं। इस प्रतियोगिता में इंदौर के युवा खिलाड़ियों ने असाधारण प्रदर्शन किया, जिसमें मृदुल जोशी ने तिहरी सफलता हासिल की और अद्विका अग्रवाल ने दोहरे खिताब जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। पुरुष एकल फाइनल में सौम्यदीप सरकार (भोपाल) ने इंदौर के प्रथम बाथम को 4-1 से पराजित किया। महिला एकल में अनुषा कुटुम्बले (इंदौर) ने अपनी साथी खिलाड़ी पूजा शर्मा (इंदौर) को सीधे सेटों में 4-0 से हराकर खिताबी जीत दर्ज की। :: युवा सितारों का शानदार प्रदर्शन :: मृदुल जोशी (इंदौर) ने अपनी असाधारण प्रतिभा दिखाते हुए तीन आयु वर्गों में जीत दर्ज की : - अंडर-19 बालक एकल : शौर्य भागिया (इंदौर) को 3-0 से हराया। - अंडर-17 बालक एकल : अबु बकर शेख (इंदौर) को 3-1 से हराया। - अंडर-15 बालक एकल : हर्षित बघेल (भोपाल) को 3-1 से हराया। अद्विका अग्रवाल (इंदौर) ने भी दो खिताब जीतकर अपनी श्रेष्ठता साबित की : - अंडर-17 बालिका एकल : पर्मी नागदेवे (भोपाल) को 3-1 से हराया। - अंडर-15 बालिका एकल : आराध्या राजपूत (इंदौर) को 3-0 से हराकर दोहरी सफलता अर्जित की। उधर, अंडर-19 बालिका एकल का खिताब पर्मी नागदेवे (भोपाल) ने अद्विका अग्रवाल (इंदौर) को 3-1 से हराकर जीता। अन्य आयु वर्गों में मृदुल पुरोहित (इंदौर) ने अंडर-13 बालक एकल, जाकिया सुल्तान (इंदौर) ने अंडर-13 बालिका एकल, आरव कासट (इंदौर) ने अंडर-11 बालक एकल और खुशी बघेल (भोपाल) ने अंडर-11 बालिका एकल में खिताबी सफलता अर्जित की। कार्यक्रम के दौरान 5वीं बार मध्य प्रदेश ओलंपिक संघ का अध्यक्ष बनने पर रमेश मैंदोला और उपाध्यक्ष बनने पर ओम सोनी को मध्य प्रदेश टेबल टेनिस संगठन की ओर से सम्मानित किया गया। स्पर्धा का पुरस्कार वितरण रमेश मैंदोला के मुख्य आतिथ्य और ओम सोनी की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। इस अवसर पर मध्य प्रदेश टेबल टेनिस संगठन के जयेश आचार्य, प्रमोद सोनी, रिंकु आचार्य, नीलेश वेद और गौरव पटेल विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित थे। प्रकाश/20 जुलाई 2025