मुंबई (ईएमएस)। हाल ही में सोशल मीडिया पर अभिनेत्री श्रुति हासन ने फिल्म कुली के सेट से जुड़ी खास तस्वीरें साझा कर फिल्म की यादों को ताजा किया। इस फिल्म में श्रुति ने प्रीति राजशेखर की भूमिका निभाई है। लोकेश कनकराज के निर्देशन में बनी इस फिल्म में सुपरस्टार रजनीकांत, नागार्जुन अक्किनेनी, आमिर खान और मलयालम अभिनेता सौबिन शाहिर जैसे बड़े सितारों ने भी अहम भूमिकाएं निभाई हैं। श्रुति ने अपने पोस्ट में लिखा, “प्रीति की डायरी, कुली की यादें, बेहतरीन दोस्तों का साथ और एक खास सफर... इस फिल्म का हिस्सा बनना मेरे लिए बेहद यादगार और मजेदार अनुभव रहा। आप सभी के प्यार और सराहना के लिए दिल से शुक्रिया, ये मेरे लिए बहुत मायने रखता है।” तस्वीरों में श्रुति अपने को-स्टार्स और फिल्म से जुड़े क्रू मेंबर्स के साथ मस्ती करती नजर आ रही हैं। एक फोटो में वह मलयालम अभिनेता सौबिन शाहिर और संगीतकार अनिरुद्ध रविचंदर के साथ पोज देती दिखती हैं, जबकि दूसरी में एक छोटे पिल्ले के साथ खेलती नजर आती हैं। पोस्ट में उनके जन्मदिन की झलक भी दिखाई देती है, जिसे फिल्म की शूटिंग के दौरान मनाया गया था। फिल्म कुली की शूटिंग को याद करते हुए श्रुति ने बताया कि यह अनुभव उनके लिए बेहद खास रहा। एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा था, “ऐसे दिग्गजों के साथ स्क्रीन शेयर करना और लोकेश कनकराज के निर्देशन में काम करना अविश्वसनीय सीखने का अनुभव था। इसने मुझे अपने अभिनय के नए पहलुओं को तलाशने के लिए प्रेरित किया।” गौरतलब है कि श्रुति हासन सिर्फ एक अभिनेत्री ही नहीं बल्कि एक बेहतरीन सिंगर और म्यूजिशियन भी हैं। वह रॉक बैंड द एक्स्ट्रामेंटल्स की सदस्य हैं और कई म्यूजिक फेस्टिवल्स में परफॉर्म कर चुकी हैं। उनके गाए अंग्रेजी गानों में एज, शी इज अ हीरो और मॉन्स्टर मशीन शामिल हैं। सुदामा/ईएमएस 04 सितंबर 2025