मुंबई (ईएमएस)। आजकल मालदीव की खूबसूरत वादियों में बॉलीवुड एक्ट्रेस अनन्या पांडे छुट्टियां बिता रही हैं। अपनी मालदीव ट्रिप की झलकियां अनन्या सोशल मीडिया पर शेयर कर रही हैं। पोस्ट की गई तस्वीरों और वीडियोज में अनन्या कभी बीच पर पोज देती नजर आ रही हैं तो कभी समुद्री कछुओं और डॉल्फिन्स के साथ तैराकी करती दिख रही हैं। उनकी पोस्ट्स देखकर फैंस भी मालदीव की इस जन्नत सरीखी खूबसूरती में खो गए हैं। अनन्या ने अपने कैप्शन में लिखा, “मैं पूरी तरह हैरान हूं! समुद्री कछुओं के साथ तैरना, डॉल्फिन को करीब से देखना, खूबसूरत सूर्यास्त का आनंद लेना, पायजामा पहनकर ईगल रे मछलियों को तैरते देखना, पेड़ों के ऊपर बने रेस्टोरेंट में लजीज खाना खाना, मसाज का मजा लेना और पिलाटेस करना… ये सब किसी सपने जैसा लग रहा है। कोई मुझे चुटकी काटकर बताए कि ये सच है!” उनकी तस्वीरों में साफ दिखता है कि यह छुट्टी सिर्फ बीच तक सीमित नहीं थी, बल्कि इसमें रोमांच और रिलैक्सेशन दोनों शामिल रहे। एक तस्वीर में अनन्या बीच की रेत पर मुस्कुराती नजर आती हैं, तो दूसरी में नीले पानी में डाइविंग करती हुई दिख रही हैं। एक वीडियो में वह डीप-सी डाइविंग का अनुभव लेती नजर आ रही हैं। वहीं, सूर्यास्त की सुनहरी रोशनी में उनकी मुस्कान तस्वीरों को और भी खूबसूरत बना देती है। अनन्या ने अपने रिसॉर्ट की झलक भी शेयर की है, जिसमें पूल ब्रेकफास्ट, कैंडललाइट डिनर और मसाज सेशन जैसे लम्हे देखने को मिले। उनके इस पोस्ट पर फैंस ने जमकर कमेंट किए और उनकी छुट्टियों को ‘ड्रीम वेकेशन’ करार दिया। वर्कफ्रंट की बात करें तो अनन्या जल्द ही लक्ष्य लालवानी के साथ फिल्म चांद मेरा दिल में नजर आने वाली हैं। विवेक सोनी के निर्देशन में बनी यह फिल्म एक खूबसूरत लव स्टोरी है। इसके अलावा वह कार्तिक आर्यन के साथ तू मेरी मैं तेरा, मैं तेरा तू मेरी में भी दिखाई देंगी, जिसकी शूटिंग पूरी हो चुकी है। सुदामा/ईएमएस 17 सितंबर 2025