दक्षिण कोरिया के साथ समझौते की भी बातचीत जारी वाशिंगटन (ईएमएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन ने जापानी ऑटोमोबाइल और उनके पुर्जों पर लगाए गए टैरिफ को इस सप्ताह से घटाकर 15 प्रतिशत कर दिया है। इससे पहले यह टैरिफ 27.5 प्रतिशत था, जिसमें 2.5 प्रतिशत बेस टैरिफ और 25 प्रतिशत वैश्विक क्षेत्र-विशिष्ट शुल्क शामिल था। यह बदलाव ट्रंप द्वारा जापान के साथ द्विपक्षीय व्यापार समझौते को लागू करने के लिए जारी कार्यकारी आदेश के तहत किया गया है। वाणिज्य विभाग के अंतर्राष्ट्रीय व्यापार प्रशासन ने इसे संघीय रजिस्टर में नोटिस के रूप में प्रकाशित किया है। वहीं दक्षिण कोरियाई वाहनों पर अभी भी 25 प्रतिशत टैरिफ लागू है, जो 1962 के व्यापार विस्तार अधिनियम की धारा 232 के तहत लगाया गया है। इस कानून के तहत राष्ट्रपति को राष्ट्रीय सुरक्षा की दृष्टि से आयातों को नियंत्रित करने का अधिकार प्राप्त है। अमेरिका और दक्षिण कोरिया के बीच जुलाई में हुए द्विपक्षीय व्यापार समझौते के तहत दक्षिण कोरियाई वाहनों पर भी टैरिफ घटाकर 15 प्रतिशत करने की सहमति हुई है, लेकिन इसकी विस्तृत शर्तों पर अभी बातचीत चल रही है। अमेरिका दौरे पर गए दक्षिण कोरिया के व्यापार मंत्री येओ हान-कू ने कहा कि कोरियाई कारों के लिए टैरिफ में कमी जितनी जल्दी हो सके लागू करने के लिए सियोल निरंतर प्रयास कर रहा है। उन्होंने अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जेमीसन ग्रीर और अन्य अधिकारियों से बातचीत करने की योजना भी बताई। दक्षिण कोरिया के लिए अमेरिका एक प्रमुख ऑटो निर्यात बाजार है। पिछले साल दक्षिण कोरिया ने अमेरिका को 34.7 अरब डॉलर के लगभग 49.1 प्रतिशत कार निर्यात किए। हुंडई मोटर ग्रुप और जीएम कोरिया ने अमेरिकी बाजार में बड़ी हिस्सेदारी बनाई हुई है। सतीश मोरे/17सितंबर