राज्य
18-Sep-2025
...


:: पद्मश्री नेमनाथ जैन के 94वें जन्मदिन पर सम्मान और कवि सम्मेलन का आयोजन :: इंदौर (ईएमएस)। शिक्षा और साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रेस्टीज एजुकेशन फाउंडेशन के चेयरमैन डॉ. डेविश जैन को प्रतिष्ठित साहित्य अलंकरण सम्मान से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान प्रेस्टीज समूह के संस्थापक और उनके पिता, पद्मश्री डॉ. नेमनाथ जैन के 94वें जन्मदिन के अवसर पर आयोजित एक भव्य कवि सम्मेलन में प्रदान किया गया। प्रदेश के जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट ने डॉ. डेविश जैन को यह पुरस्कार देते हुए उनकी सराहना की। मंत्री ने कहा कि डॉ. डेविश जैन अपने पिता के नक्शेकदम पर चलते हुए प्रेस्टीज शिक्षण समूह को पूरे प्रदेश में एक प्रतिष्ठित स्थान पर ले गए हैं। डॉ. जैन ने यह सम्मान अपने पिता को समर्पित किया और कबीर ओ ग़ालिब संस्था का आभार व्यक्त किया, जिसने उन्हें यह गौरवपूर्ण पुरस्कार प्रदान किया। डॉ. नेमनाथ जैन के जन्मदिन के उपलक्ष्य में, प्रेस्टीज इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड रिसर्च के यूजी कैंपस में एक बड़े रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया। इसमें छात्रों और फैकल्टी सदस्यों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। शाम को एक कवि सम्मेलन का आयोजन हुआ, जिसमें पंकज दीक्षित सहित कई युवा कवियों और कवयित्रियों ने सामाजिक और समकालीन विषयों पर अपनी स्वरचित कविताएं सुनाईं। प्रकाश/18 सितम्बर 2025