राज्य
04-Oct-2025
...


आगरा(ईएमएस)खेरागढ़ क्षेत्र के उटंगन नदी में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान हुए दर्दनाक हादसे के बाद शुक्रवार देर रात तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलता रहा। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और पीएसी के बाद अब सेना ने भी मोर्चा संभाल लिया है। देर रात सेना की 50 पैरा फील्ड यूनिट और 411 पैरा फील्ड यूनिट के 19 सदस्यीय दल ने गहरे पानी में उतरकर तलाश की, लेकिन कोई शव बरामद नहीं हो सका। सात जवान ऑक्सीजन सिलेंडर के साथ पानी में उतरे, फिर भी सफलता नहीं मिली। अब तक कुल 6 लोगों को नदी से निकाला जा चुका है, जिनमें से 5 की मौत हो गई और एक युवक गंभीर हालत में एसएन अस्पताल में भर्ती है। पांच मृतकों का देर रात अंतिम संस्कार किया जा चुका है। हादसे में अब भी 7 लोग लापता हैं, जिनमें पांच नाबालिग शामिल हैं। गुरुवार दोपहर करीब 1 बजे यह हादसा हुआ था, जब खेरागढ़ के गांव कुसियापुर डूगरवाला के 13 युवक दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान गहरे पानी में चले गए। ग्रामीणों ने विष्णु नामक युवक को बचा लिया, लेकिन अन्य को बाहर निकालने में लंबा समय लगा। ओमपाल, गगन, मनोज समेत कई युवकों के शव बरामद हुए। गांव और क्षेत्र में दशहरा पर्व मातम में बदल गया है। परिजनों की आंखें अब भी अपनों की तलाश कर रही हैं। सेना और प्रशासन की टीम आज सुबह से फिर से सर्च ऑपरेशन शुरू करेगी। ओमपाल (25), गगन (24), मनोज (किशोर), अभिषेक (17), दीपक (15) सहित कई युवकों की विसर्जन के लिए गए थे जो उटँगन नदी में डूब गए थे। लापता युवकों में पांच नाबालिग शामिल हैं। हादसे से पूरा इलाका शोक और दहशत में है। जिलाधिकारी आगरा अरविंद मलप्पा बंगारी ने बताया कि जो लापता है उनकी तलाश की जा रही है। इस कार्य को सेना कर रही है। पीड़ितों की हर संभव मदद की जा रही है। ईएमएस