राज्य
04-Oct-2025
...


रायपुर(ईएमएस)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार रात दो दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ पहुंचे। प्रवास के दूसरे दिन यानी आज वे जगदलपुर में बस्तर दशहरा उत्सव में शामिल होंगे और प्रदेश की महिलाओं के लिए महतारी वंदन योजना की 20वीं किस्त जारी करेंगे। कार्यक्रम के मुताबिक, शाह सुबह 11 बजे रायपुर से रवाना होकर दोपहर 12:05 बजे जगदलपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वहां से वे माता दंतेश्वरी मंदिर में दर्शन करेंगे और 12:35 बजे सिरहासार भवन में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेंगे। इसके बाद वे लालबाग में प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे और मंचीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। दोपहर 3:25 बजे वे बस्तर दशहरा में शिरकत करेंगे। इस दौरान उनके साथ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और राज्य सरकार के कई मंत्री मौजूद रहेंगे। आज शाह प्रदेश की 65 लाख से अधिक महिलाओं के बैंक खातों में 606.94 करोड़ रुपये ट्रांसफर करेंगे। इससे पहले 19 किस्तों में कुल ₹12,376 करोड़ की राशि दी जा चुकी है। नई किस्त जारी होने के बाद यह आंकड़ा ₹12,983 करोड़ से अधिक हो जाएगा। इससे पहले मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रायगढ़ के खरसिया में 19वीं किस्त जारी की थी। अमित शाह के दौरे को देखते हुए बस्तर संभाग में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। पूरे क्षेत्र में तीन-स्तरीय सुरक्षा घेरा बनाया गया है, सीमाई इलाकों में नाकाबंदी और सघन जांच जारी है। सभी पुलिस थाने और कैंप हाई अलर्ट पर हैं ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके। सत्यप्रकाश(ईएमएस)04 अक्टूबर 2025