अंतर्राष्ट्रीय
08-Oct-2025
...


क्वीटो,(ईएमएस)। दक्षिण अमेरिकी देश इक्वाडोर में डीजल के दाम बढ़ने से लोगों में भारी गुस्सा फूट पड़ा। करीब 5 सौ लोगों ने राष्ट्रपति की कार को घेर लिया और नारेबाजी करते हुए उनकी कार पर पत्थर बरसा दिए। कुछ लोगों ने गोलियां भी चलाई। गनीमत रही कि राष्ट्रपति सुरक्षित हैं। राष्ट्रपति नोबोआ इस हमले में बाल-बाल बचे, लेकिन उनकी गाड़ी को गोलियों के निशान मिले हैं। ऊर्जा मंत्री इनस मंजानो ने बताया कि यह घटना तब हुई जब राष्ट्रपति नोबोआ कनार प्रांत जा रहे थे, जहां उन्हें नए इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स की घोषणा करनी थी। रास्ते में करीब 500 लोगों की भीड़ ने उनके काफिले को घेर लिया और पत्थर फेंकने शुरू कर दिए।मंत्री ने आगे कहा, राष्ट्रपति की कार पर गोलियां चलाना, पत्थर फेंकना और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाना अपराध है। हम इसे बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं करेंगे। हमले के तुरंत बाद पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों पर आतंकवाद और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर मामले दर्ज किए जाएंगे। सरकारी बयान में कहा गया है कि राष्ट्रपति नोबोआ सुरक्षित हैं। हालांकि यह हमला देश की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा करता है।यह घटना ऐसे समय हुई है जब इक्वाडोर में पहले से ही विरोध प्रदर्शन चल रहे हैं। सरकार ने हाल ही में डीजल सब्सिडी खत्म करने की घोषणा की थी ताकि खर्चों में कटौती की जा सके। इस फैसले के बाद आदिवासी समुदायों के नेतृत्व में पूरे देश में विरोध प्रदर्शन तेज हो गए। बीते कुछ हफ्तों में प्रदर्शनकारियों ने कई सड़कों को बंद कर दिया और सुरक्षा बलों से झड़पें हुईं। पिछले हफ्ते हुए एक संघर्ष में एक नागरिक की मौत और कई लोगों के घायल होने की पुष्टि हुई। राष्ट्रीय आदिवासी महासंघ ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। संगठन का कहना है कि राष्ट्रपति नोबोआ के दौरे के दौरान ‘संगठित हिंसा’ फैलाई गई और पुलिस व सेना ने वृद्ध महिलाओं तक पर हमला किया। संगठन ने एक्स पर पोस्ट में लिखा, हमारे कम से कम पांच लोगों को मनमाने ढंग से गिरफ्तार किया गया है। पोस्ट के साथ एक वीडियो भी साझा किया गया है, जिसमें पारंपरिक पोशाक में एक महिला को चार पुलिसकर्मी ले जा रहे हैं। वीरेंद्र/ईएमएस/08अक्टूबर2025