राज्य
11-Oct-2025
...


पटना,(ईएमएस)। बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान होने के बाद यहां कौन मुख्यमंत्री बनेगा, के सवाल पर बात होने लगी है। ऐसी ही चर्चाओं के बीच एक सर्वे भी आया है। जिसमें 36.3 प्रतिशत लोग तेजस्वी को मुख्यमंत्री देखना चाहते हैं और 15.9 फीसदी लोग नीतीश कुमार को पसंद कर रहे हैं। जबकि जन सुराज पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर के ग्राफ में हल्का उछाल आया है। वहीं, मौजूदा सीएम नीतीश कुमार का ग्राफ गिरा है। चुनावी साल में हर महीने जारी हो रहे इस अक्टूबार माह के सर्वे के आंकड़ों में काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिला। इसके बावजूद तेजस्वी लगातार शीर्ष पर बने हुए हैं। आरजेडी नेता को फरवरी में जहां 40 प्रतिशत से ज्यादा लोग सीएम कैंडिडेट के रूप में पसंद करते थे, अगस्त तक उनका ग्राफ गिरकर 31.3 फीसदी तक पहुंच गया था। हालांकि, सितंबर में उन्होंने छलांग लगाई और उनकी रेटिंग 35 फीसदी से ऊपर पहुंच गई। अब अक्टूबर में भी उनकी बढ़त हुई और आंकड़ा 36 प्रतिशत से ऊपर हो गया है। वहीं सर्वे में लोजपा (रामविलास) के मुखिया चिराग पासवान चौथे और डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी पांचवें नंबर पर हैं। चिराग की रेटिंग सितंबर में 9.5 प्रतिशत थी जो अक्टूबर में गिरकर 8.8 प्रतिशत हो गई है। वहीं, भाजपा नेता सम्राट चौधरी की रेटिंग सितंबर महीने में 6.8 प्रतिशत थी, जो बढ़कर 7.8 प्रतिशत हो गई है। रिपोर्ट के अनुसार सी वोटर ने यह सर्वे 9 और 10 अक्टूबर को किया है। इस दौरान बिहार के अलग-अलग क्षेत्रों में 2530 लोगों से इंटरव्यू कर जानकारी ली गई। जबकि सर्वे में जन सुराज के नेता प्रशांत किशोर की रेटिंग सितंबर में 23.1 प्रतिशत थी, जो अक्टूबर में हल्की बढ़त के साथ 23.2 प्रतिशत हो गई है। फरवरी 2025 में वे 14.9 फीसदी लोगों के ही पसंदीदा सीएम कैंडिडेट थे। बाद के महीनों में उन्होंने छलांग लगाते हुए नीतीश कुमार को सर्वे रेटिंग में पछाड़ दिया। इस सर्वे में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शुरुआत में तेजस्वी के बाद नंबर दो पर थे। मगर धीरे-धीरे उनका ग्राफ गिरता गया और सितंबर में 16 प्रतिशत तक पहुंच गया। अब अक्टूबर में भी उनकी रेटिंग में मामूली गिरावट आई है और रेटिंग 15.9 फीसदी हो गई है। वीरेंद्र/ईएमएस/11अक्टूबर2025