ट्रेंडिंग
15-Oct-2025
...


जैसलमेर,(ईएमएस)। राजस्थान के जैसलमेर से जोधपुर जा रही बस सड़क पर चलते-चलते आग का गोला बन गई। कुछ यात्रियों ने चलती बस से कूदकर जान बचाई। जबकि 20 यात्री कोशिश करने के बाद भी नहीं भाग पाए और वहीं जलकर राख हो गए। मरने वालों में कुछ महिलाएं एवं बच्चे भी शामिल है। इसमें 16 अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा जैसलमेर-जोधपुर हाइवे पर हुआ, जब बस 57 यात्रियों को लेकर जोधपुर की ओर जा रही थी। जानकारी में चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। बताया गया है कि पुलिस इस एंगल पर जांच कर रही है कि बस में आग पटाखों के विस्फोट के कारण लगी है। राजस्थान के मंत्री गजेन्द्र सिंह खिमसर ने बताया कि मैंने अपने जीवन में ऐसा हादसा कभी नहीं देखा। बस में विस्फोट हुआ था। एफएसएल टीम इसकी जांच करेगी। मंत्री ने आगे बताया कि घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी इकट्ठी की जा रही है। जांच में यह सामने आया कि कुछ यात्री पटाखों के साथ थे, जिससे आग फैल गई और अचानक बस में विस्फोट हुआ। बस की स्थिति और अंदर का सामान पूरी तरह से जल गया। भाजपा विधायक प्रताप पुरी ने बताया कि बस में आग लगने के 20 यात्रियों की मौत हो गई। इसमें 19 लोग बस में ही मारे गए और 1 यात्री जोधपुर ले जाते समय गंभीर चोटों के कारण दम तोड़ गया। जैसलमेर जिला प्रशासन ने मृतकों की पहचान के लिए डीएनए टेस्ट की प्रक्रिया शुरू कर दी है। शव इतने जले हुए हैं कि उनकी पहचान केवल डीएनए के माध्यम से ही संभव होगी। मृतकों के शवों को परिवार के हवाले करने से पहले डीएनए मैचिंग की जाएगी। जैसलमेर पुलिस के अनुसार, बस दोपहर करीब 3 बजे जैसलमेर से रवाना हुई थी। बस जैसे ही हाइवे पर आगे बढ़ी, चालक ने देखा कि वाहन के पीछे से धुआं उठ रहा है। चालक ने बस को रोकने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी तेज थी कि बस पूरी तरह जल गई। स्थानीय लोग और राहगीर मौके पर पहुंचे और बचाव प्रयासों में जुट गए। साथ ही, सेना के जवानों ने भी राहत और बचाव कार्य में मदद की। फायर सर्विस और पुलिस को तुरंत सूचित किया गया। घायल यात्रियों को जवाहर अस्पताल, जैसलमेर में भर्ती कराया गया, जहां 16 गंभीर रूप से घायल यात्रियों को जोखिम भरे हालात में जोधपुर के अस्पताल में शिफ्ट किया गया। पीएम मोदी ने किया मदद का ऐलान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने इस हादसे में लोगों की मौत पर दुख व्यक्त किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मृतकों के परिजनों के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2-2 लाख रुपये की आर्थिक मदद की घोषणा की। उन्होंने कहा कि घायल यात्रियों को 50,000 रुपये की मदद दी जाएगी। वीरेंद्र/ईएमएस/15अक्टूबर2025